यंग सैमी का डेब्यू एल्बम 'वन ऑफ अ काइंड': हिप-हॉप की नई आवाज़!
यंग सैमी का नया एल्बम
मुंबई, 09 सितंबर (वेब वार्ता)। उभरते हिप-हॉप आर्टिस्ट यंग सैमी ने अपने पहले एल्बम 'वन ऑफ अ काइंड' को लॉन्च किया है। यह एल्बम भारतीय हिप-हॉप के विभिन्न ध्वनियों और शैलियों को समेटे हुए है और इसमें कई विशेष सहयोग शामिल हैं। यंग सैमी ने इस एल्बम के माध्यम से न केवल अपने संगीत का अनूठा अंदाज पेश किया है, बल्कि एक कलाकार के रूप में अपनी पहचान भी दर्शकों के सामने रखी है।
यंग सैमी ने अपने डेब्यू एल्बम के बारे में कहा कि उनकी सबसे बड़ी ख्वाहिश थी कि लोग उनके संगीत से जुड़ें और उन्हें एक कलाकार के रूप में बेहतर समझें। उन्होंने कहा, 'मैं चाहता था कि लोग मेरे संगीत को महसूस करें और मुझे एक कलाकार के रूप में जानें। 'वन ऑफ अ काइंड' नाम मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए हमने इसे चुना।'
उन्होंने आगे बताया, 'एल्बम के हर गाने में एक अलग अनुभव है और हर ट्रैक में विशेष सहयोग देखने को मिलता है। विभिन्न हिप-हॉप कलाकारों ने अपने-अपने अंदाज में इन गानों में भाग लिया है। कई कलाकारों ने अपने स्टाइल से हटकर कुछ नया करने की कोशिश की है।'
यंग सैमी ने कहा, 'एल्बम का एक विशेष ट्रैक 'क्रिप वॉक' है, जिसमें मैंने रैपर संबता के साथ काम किया है। इस गाने में संबता ने अपने खास अंदाज को पेश किया है। 'क्रिप वॉक' के जरिए हमने एक नई और मजेदार ऊर्जा देने की कोशिश की है। हमने इस म्यूजिक वीडियो को एनर्जेटिक और आकर्षक तरीके से बनाया है।'
एल्बम में कई प्रसिद्ध हिप-हॉप आर्टिस्ट्स के साथ यंग सैमी के सहयोग शामिल हैं। इसमें 'गैंग' और 'हुडीज' जैसे गानों में काल्म, 'बागी' में वजीर पातर, 'गेम चेंजर' में एमसी स्क्वायर, 'विनिन' में रागा और 'मोडस ऑपरेंडी' में यंग डीएसए के साथ सहयोग है।
'वन ऑफ अ काइंड' के माध्यम से यंग सैमी ने भारतीय हिप-हॉप के विभिन्न कलाकारों और उनकी संगीत पहचान को एक साथ लाने का प्रयास किया है। यह अब प्रमुख म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है, जबकि 'क्रिप वॉक' का म्यूजिक वीडियो टी-सीरीज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया है।