☰
×

क्यों कार्तिक आर्यन हैं बॉलीवुड के नए रोम-कॉम किंग? जानें उनकी प्रेरणादायक कहानी!

कार्तिक आर्यन का सफर बॉलीवुड में एक प्रेरणादायक कहानी है। बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के, उन्होंने अपने संघर्ष और मेहनत से खुद को साबित किया है। जानें कैसे उन्होंने ऑडिशन के दौरान असफलताओं का सामना किया और आखिरकार 'प्यार का पंचनामा' जैसी हिट फिल्म से अपनी पहचान बनाई। आज वे बॉलीवुड के रोम-कॉम किंग के रूप में जाने जाते हैं।
 

कार्तिक आर्यन का संघर्ष और सफलता

नई दिल्ली, 21 नवंबर। बॉलीवुड में कदम रखना आसान हो सकता है, लेकिन अपनी पहचान बनाना एक चुनौती है। खासकर जब आपके पास न कोई फिल्मी बैकग्राउंड हो और न ही कोई गॉडफादर। कार्तिक आर्यन का सफर कुछ ऐसा ही रहा है।


इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान हीरो बनने का सपना देखने वाले इस अभिनेता ने कई वर्षों तक ऑडिशन दिए, असफलताओं का सामना किया और आर्थिक कठिनाइयों से जूझते रहे। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और आज अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग, रोमांटिक अंदाज और शानदार अभिनय के चलते लाखों दिलों पर राज कर रहे हैं। उन्हें बॉलीवुड का 'रोम-कॉम किंग' भी कहा जाता है।


कार्तिक आर्यन का जन्म 22 नवंबर 1990 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ। उनका असली नाम कार्तिक तिवारी है। उनके पिता मनीष तिवारी बाल रोग विशेषज्ञ और मां माला तिवारी स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। परिवार में शिक्षा और डॉक्टर बनने को प्राथमिकता दी जाती थी, लेकिन कार्तिक का सपना कुछ और था। वह हमेशा से फिल्मों में काम करना चाहते थे।


उन्होंने मुंबई के डीवाई पाटिल विश्वविद्यालय से बायोटेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की, लेकिन उनका ध्यान हमेशा फिल्मों में करियर बनाने पर था। वह कॉलेज की कक्षाएं छोड़कर ऑडिशन देने जाते थे और शुरुआत में अपने माता-पिता को भी अपने सपने के बारे में नहीं बताया।


बॉलीवुड में अपनी जगह बनाना कार्तिक के लिए आसान नहीं था। लगभग तीन साल तक उन्होंने लगातार ऑडिशन दिए, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः 2011 में उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें लव रंजन की फिल्म 'प्यार का पंचनामा' में काम करने का मौका मिला। इस फिल्म में उनका पांच मिनट का मोनोलॉग काफी चर्चित हुआ। दर्शकों ने उनके अंदाज को पसंद किया और यहीं से कार्तिक ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनानी शुरू की।


'प्यार का पंचनामा' के बाद कार्तिक ने 'आकाश वाणी' और 'कांची' जैसी फिल्मों में काम किया, लेकिन उन्हें विशेष सफलता नहीं मिली। 2015 में 'प्यार का पंचनामा 2' ने उन्हें फिर से चर्चा में ला दिया। इसके बाद 2018 में आई 'सोनू के टीटू की स्वीटी' उनके करियर की बड़ी हिट साबित हुई। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की और कार्तिक युवाओं के बीच लोकप्रिय हो गए। इसके बाद 'लुका छुपी', 'पति पत्नी और वो' और 'लव आज कल' जैसी फिल्मों में उन्होंने रोमांटिक और कॉमेडी अंदाज दिखाया।


2022 में आई 'भूल भुलैया 2' में रूह बाबा के किरदार ने उनकी लोकप्रियता को नई ऊंचाई दी। इसके बाद 'भूल भुलैया 3' ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'चंदू चैंपियन' में उन्होंने पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाया। इस भूमिका के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और अपने शारीरिक रूप में भी बड़ा बदलाव किया। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। इसके बाद 2025 में कार्तिक आर्यन की फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' में नजर आएंगे।