क्या है 'सास बहू यमराज' की कहानी? जानें इस भोजपुरी फिल्म के वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर की खास बातें!
भोजपुरी फिल्म 'सास बहू यमराज' का प्रीमियर
मुंबई, 4 अप्रैल। भोजपुरी फिल्म उद्योग की चर्चित अभिनेत्री आम्रपाली दुबे की नई फिल्म 'सास बहू यमराज' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर जल्द ही होने वाला है। इस फिल्म में सास और बहू के बीच की मजेदार तकरार के साथ-साथ परिवार के गहरे रिश्तों को भी दर्शाया गया है।
फिल्म के निर्माताओं ने इसका पोस्टर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है, जिसमें लिखा गया है, "'सास बहू यमराज' जल्द ही भोजपुरी के प्रमुख चैनल 'भोजपुरी सिनेमा' पर प्रसारित होगा।"
फिल्म के प्रति दर्शकों में उत्साह देखने को मिल रहा है, और वे इसके प्रीमियर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इस फिल्म का निर्देशन संजय श्रीवास्तव ने किया है, जिसमें आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह के अलावा समर्थ चतुर्वेदी, अयाज खान, श्रद्धा नवल, विद्या सिंह, साहिल सिद्दीकी, रितु चौहान और अवधेश मुखिया जैसे कई कलाकार शामिल हैं।
'सास बहू यमराज' एक पारिवारिक कॉमेडी-ड्रामा है, जिसमें आम्रपाली और उनकी सास यमराज को अपना भाई बना लेती हैं। फिल्म में सास और बहू के बीच की खट्टी-मीठी नोकझोंक और मनोरंजन का तड़का देखने को मिलेगा।
इससे पहले, फिल्म का ट्रेलर भी जारी किया गया था। ट्रेलर की शुरुआत में आम्रपाली विक्रांत के घर की बहू बनकर आती हैं, जो कोर्ट मैरिज के जरिए आई हैं, लेकिन विक्रांत की मां कलावती को यह शादी स्वीकार नहीं है।
समाज की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए दोनों की दोबारा शादी कराई जाती है। इसी दौरान चित्रगुप्त और यमराज की एंट्री होती है, जो कलावती के प्राण लेने आते हैं, लेकिन यमराज खुद कलावती के घर पहुंचकर रिश्तों के मोह में फंस जाते हैं।
फिल्म में दर्शकों को इमोशनल पल भी देखने को मिलेंगे, जब आम्रपाली अपनी सास कलावती को बचाने के लिए यमराज से उनके प्राण लेने की बात करती हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यमराज किसके प्राण लेकर जाते हैं। सोशल मीडिया पर ट्रेलर को काफी प्यार मिल रहा है, क्योंकि इस फिल्म का कंटेंट अन्य भोजपुरी फिल्मों से अलग है।