×

क्या है अक्षय ओबेरॉय की नई फिल्म 'लव लॉटरी' का रहस्य? जानें इस थ्रिलर की कहानी!

अक्षय ओबेरॉय की नई फिल्म 'लव लॉटरी' का टीजर हाल ही में जारी किया गया है। यह सस्पेंस थ्रिलर और कोर्टरूम ड्रामा सच्ची घटनाओं से प्रेरित है, जो रिश्तों और पुरुषों के अधिकारों पर ध्यान केंद्रित करती है। फिल्म की कहानी एक कॉर्पोरेट पेशेवर की है, जिसका जीवन एक हत्या के मामले में उलझ जाता है। जानें इस फिल्म के बारे में और इसके पीछे के संवेदनशील मुद्दों के बारे में!
 

अक्षय ओबेरॉय की 'लव लॉटरी' का टीजर हुआ जारी




मुंबई, 18 अगस्त। अभिनेता अक्षय ओबेरॉय की नई सस्पेंस थ्रिलर और कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'लव लॉटरी' का टीजर मंगलवार को लॉन्च किया गया। यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और रिश्तों के उतार-चढ़ाव तथा पुरुषों के अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करती है।


38 सेकंड के इस टीजर में रिश्तों, विश्वास, महिलाओं पर लागू कानूनों के गलत इस्तेमाल और पुरुषों के अधिकारों के प्रति जागरूकता की आवश्यकता पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इसमें अक्षय ओबेरॉय, हेली दारूवाला और अन्य कलाकारों को इमोशनल और तनावपूर्ण दृश्यों में दिखाया गया है। अक्षय का किरदार उलझनों में फंसा नजर आता है, जबकि अन्य पात्रों की रहस्यमयी एंट्री कहानी में और भी सस्पेंस जोड़ती है।


फिल्म की कहानी कार्तिक सक्सेना नामक एक कॉर्पोरेट पेशेवर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका वैवाहिक जीवन तब संकट में आ जाता है जब उसे अपनी पत्नी के अफेयर का पता चलता है। तलाक और झूठे घरेलू हिंसा के मामलों के बीच पत्नी की हत्या हो जाती है, और कार्तिक मुख्य संदिग्ध बन जाता है। इसके बाद, वह खुद को निर्दोष साबित करने के लिए एक कठिन कानूनी लड़ाई में उतरता है। फिल्म का निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है, जबकि कहानी अंकुर खत्री ने लिखी है। इसे कुलदीप भार्गव तुषार ने सिनेमागंज फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है।


इस फिल्म में कबीर दुहान सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन, संतोष शुक्ला, विक्रम शर्मा, अग्नि अग्रियारी, कुमार सौरभ, अश्वंत लोधी और अर्शदीप संधू जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।


अक्षय ओबेरॉय ने कहा कि यह फिल्म ऐसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करती है जिन पर आमतौर पर चर्चा नहीं होती। उन्होंने कहा, "हमारी फिल्म उन मुद्दों को उजागर करती है जिन पर पुरुष अक्सर खुलकर बात करने में संकोच करते हैं। कुछ कानूनों के गलत इस्तेमाल के कारण समाज का एक वर्ग जीवनभर दर्द झेलता है। यह फिल्म उन लोगों की आवाज है जिन्होंने ऐसा अनुभव किया है।"


निर्देशक अरविंद ने भी फिल्म के बारे में अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा, "'लव लॉटरी' के माध्यम से हम एक संवेदनशील मुद्दे पर बात करने का प्रयास कर रहे हैं, जो आमतौर पर चर्चा का विषय नहीं बनता। फिल्म का उद्देश्य किसी एक जेंडर को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि यह सवाल उठाती है कि जब कानून, रिश्ते और व्यक्तिगत विवाद आपस में मिलते हैं तो क्या होता है।"


प्रोड्यूसर कुलदीप भार्गव 'तुषार' ने कहा, "मैंने कहानी को दिलचस्प तरीके से प्रस्तुत करने की कोशिश की है, साथ ही दर्शकों के लिए सोचने के लिए कुछ सवाल भी छोड़े हैं।"


लेखक अंकुर खत्री ने कहा, "लव लॉटरी का विषय बहुत संवेदनशील है और हमारी जिम्मेदारी थी कि इसे संतुलन और समझदारी के साथ पेश करें। फिल्म दिखाती है कि कैसे प्यार, भरोसा और शादी कभी-कभी अप्रत्याशित मोड़ ले सकते हैं।"