क्या संजय दत्त और नोरा फतेही का नया गाना बन गया है विवाद का कारण? जानें पूरी कहानी!
गाने पर उठे विवाद के बाद की स्थिति
मुंबई, 17 मार्च। संजय दत्त और नोरा फतेही के हालिया गाने 'सरके चुनर' को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। वकील और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव को एक शिकायत पत्र भेजा है, जिसमें गाने पर तुरंत प्रतिबंध लगाने और इसे सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाने की मांग की गई है।
इसके अलावा, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी इस गाने में आपत्तिजनक और डबल मीनिंग वाले बोलों के इस्तेमाल को लेकर नोटिस जारी किया है। हाल ही में रिलीज हुए इस गाने को अश्लील बोल के कारण सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है।
गाने के गीतकार रकीब आलम हैं, जबकि कोरियोग्राफी प्रेम ने की है। संगीत अर्जुन जन्या ने दिया है और गायन मंगली ने किया है। यह गाना यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विनीत जिंदल ने अपनी शिकायत में कहा है कि गाने के बोल अत्यधिक अश्लील और सेक्सुअली सजेस्टिव हैं। उन्होंने कुछ पंक्तियों का उल्लेख करते हुए इस गाने को बैन करने की मांग की है। जिंदल का आरोप है कि भड़काऊ डांस और वीडियो की प्रस्तुति अश्लीलता को बढ़ावा देती है, जो सार्वजनिक शालीनता के खिलाफ है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह सामग्री नाबालिगों सहित आम लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध है, जिससे युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
जिंदल ने एमआईबी से अनुरोध किया है कि गाने पर तुरंत बैन लगाया जाए और इसे सभी प्लेटफॉर्म से हटाया जाए। इसके साथ ही नाबालिगों को ऐसी सामग्री से बचाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की गई है।
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के प्रावधानों का उल्लेख किया गया है। जिंदल ने पहले ही दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में संजय दत्त, नोरा फतेही और अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
इस बीच, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी गाने में कथित आपत्तिजनक बोलों को लेकर नोटिस जारी किया है। आयोग का यह कदम सोशल मीडिया पर आए भारी विरोध और शिकायतों के बाद उठाया गया है। विवाद बढ़ने के कारण कई लोग इस गाने पर अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं। कुछ इसे अश्लील मान रहे हैं, जबकि फिल्म के निर्माताओं, संजय दत्त या नोरा फतेही की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।