हेजल कीच: तीन नामों वाली अभिनेत्री की अनकही कहानी
हेजल कीच का सफर: एक साधारण लड़की से ग्लैमर की दुनिया तक
मुंबई, 27 फरवरी। ब्रिटिश मूल की अभिनेत्री और मॉडल हेजल कीच हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में भले ही कम नजर आई हों, लेकिन उनकी पहचान हमेशा से खास रही है। उनके जीवन में तीन अलग-अलग नाम जुड़े हुए हैं, जो उनकी कहानी को और भी दिलचस्प बनाते हैं। एक साधारण लड़की से मॉडलिंग, फिर अभिनय और अंत में एक क्रिकेटर की पत्नी बनने तक का उनका सफर कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा है।
हेजल का जन्म 28 फरवरी 1987 को इंग्लैंड के एसेक्स में हुआ। उनके पिता ब्रिटिश और मां भारतीय मूल की थीं। बचपन से ही हेजल को डांस और स्टेज परफॉर्मेंस का शौक था, और स्कूल के दिनों में ही उन्होंने स्टेज शो में भाग लेना शुरू कर दिया था। उन्होंने भारतीय शास्त्रीय और पश्चिमी समकालीन नृत्य सीखा।
अपने करियर की शुरुआत उन्होंने मॉडलिंग से की। जब वह 18 साल की थीं, तब भारत यात्रा पर आईं और यहीं उन्हें काम के प्रस्ताव मिलने लगे, जिसके बाद उन्होंने भारत में रहने का निर्णय लिया।
मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखते ही एक एजेंसी ने उनका नाम बदलकर 'रोज डॉन' रख दिया, जो उनका प्रोफेशनल नाम बन गया। इस नाम से उन्होंने कई विज्ञापनों और म्यूजिक वीडियो में काम किया, लेकिन बाद में उन्होंने अपना असली नाम अपनाया और फिल्मों में हेजल कीच के नाम से जानी जाने लगीं।
भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह से विवाह के बाद, हेजल ने सिख परंपरा के अनुसार 'गुरबसंत कौर' नाम अपनाया। इस प्रकार उनकी जिंदगी में तीसरा नाम जुड़ गया, जिसके कारण उन्हें तीन नामों वाली अभिनेत्री कहा जाता है।
फिल्मों की बात करें तो उन्हें पहली बड़ी पहचान 2011 में आई फिल्म 'बॉडीगार्ड' से मिली, जिसमें उन्होंने सहायक भूमिका निभाई। इससे पहले, वह तमिल फिल्म 'बिल्ला' में एक डांस नंबर कर चुकी थीं। उन्होंने कुछ अन्य फिल्मों में भी छोटे रोल किए, लेकिन वह बड़ी स्टार नहीं बन पाईं। इसके अलावा, वह रियलिटी शो 'बिग बॉस 7' में भी नजर आईं, हालांकि उनका सफर वहां ज्यादा लंबा नहीं रहा।
मॉडलिंग और विज्ञापनों की दुनिया में उन्हें काफी सराहना मिली। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि भारत आने के शुरुआती दिनों में वह डिप्रेशन से गुजरी थीं, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और आगे बढ़ीं। आज वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं।