×

सोहा अली खान ने बेटी को दिया बचपन का खास खिलौना, जानें क्यों है यह इतना महत्वपूर्ण!

सोहा अली खान ने हाल ही में अपने बचपन के प्रिय खिलौने 'इलियट' को अपनी बेटी इनाया को दिया। इस खिलौने के साथ जुड़ी उनकी यादें और खेल के अनुभवों को साझा करते हुए, सोहा ने बताया कि कैसे यह खिलौना बच्चों की कल्पना को विकसित करने में मदद करता है। जानें इस प्यारे खिलौने की कहानी और सोहा की भावनाएं।
 

सोहा अली खान का प्यारा खिलौना और बेटी का खेल




मुंबई, 16 जून। बचपन की यादें अक्सर किसी विशेष स्थान, व्यक्ति या वस्तु से जुड़ी होती हैं। कभी-कभी एक साधारण खिलौना भी बच्चों के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाता है। अभिनेत्री सोहा अली खान के पास भी ऐसा ही एक खिलौना है, जो उनकी बचपन की यादों से जुड़ा हुआ है।


सोहा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने प्रिय खिलौने को दिखाया। यह खिलौना एक टॉय डॉग है, जिसे उन्होंने 'इलियट' नाम दिया था। अब यह खिलौना उनकी बेटी इनाया नौमी खेमू के पास है।


वीडियो में सोहा ने बताया, "गर्मियों की छुट्टियों की सबसे खूबसूरत यादें मेरे भाई सैफ अली खान और बहन सबा अली खान पटौदी के साथ बिताए गए पल हैं, जब हम तीनों मिलकर इलियट के साथ अलग-अलग कहानियां बनाया करते थे। एक व्यक्ति कहानी की शुरुआत करता था, दूसरा उसे आगे बढ़ाता था और तीसरा उसमें नया मोड़ जोड़ता था। इस तरह हमारी कल्पनाओं में इलियट कभी दुनिया की सैर करता था, कभी किसी रहस्य को सुलझाता था और कभी नए दोस्तों से मिलता था।"


सोहा ने आगे कहा, "भाई सैफ खेल को और मजेदार बनाने के लिए घर के विभिन्न हिस्सों में सुराग छिपा देते थे। वहीं बहन सबा खजाने तक पहुंचने के लिए नक्शा तैयार करती थीं और मैं इलियट को लेकर उन सुरागों की खोज में निकल पड़ती थी। कई बार पूरा दिन ऐसे ही बीत जाता था और हमें समय का पता भी नहीं चलता था। इससे हमें बहुत खुशी मिलती थी।"


उन्होंने कहा, "खिलौने का असली महत्व उस कल्पना में है जो उसके माध्यम से की जाती है। एक साधारण खिलौना बच्चों को नई दुनिया बनाने, नए किरदार गढ़ने और अपनी सोच को खुलकर उड़ान देने का अवसर देता है। यही कारण है कि मैं आज भी इलियट को अपने जीवन का एक खास हिस्सा मानती हूं।"


सोहा ने बताया, "जब इनाया का जन्म हुआ, तो मैं चाहती थी कि वह भी अपनी छोटी सी दुनिया बनाने की वही खुशी महसूस करे, इसलिए मैंने उसे अपना प्रिय खिलौना इलियट दिया। अब इनाया भी खिलौनों के साथ घंटों खेलती है। कभी वह उन्हें कहानी सुनाती है, कभी उनके लिए खाना बनाती है और कभी उन्हें पढ़ाने का नाटक करती है। उसकी कल्पना को इस तरह विकसित होते देखना बहुत खुशी देता है।"


वीडियो के साथ कैप्शन में सोहा ने लिखा, "कोई भी खिलौना सिर्फ खेलने की चीज नहीं होता, बल्कि वह एडवेंचर, क्रिएटिविटी और खूबसूरत यादों की शुरुआत होता है।"