×

सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का जलवा: व्रजेश हीरजी ने सुनाई मजेदार कहानी

सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का ट्रेंड तेजी से फैल रहा है, जिसे लेकर अभिनेता व्रजेश हीरजी ने एक मजेदार वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने एक बच्चे और उसके पिता की हास्यप्रद कहानी सुनाई, जो इस ट्रेंड को और भी दिलचस्प बनाती है। जानें कैसे यह आंदोलन बेरोजगार युवाओं की आवाज बन गया है और कैसे यह एक मजाकिया अंदाज में अपनाया गया।
 

सोशल मीडिया पर छाया 'सीजेपी' का ट्रेंड




मुंबई, 23 मई। वर्तमान में सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) का जबरदस्त क्रेज युवाओं के बीच देखने को मिल रहा है। मीम्स और रील्स के जरिए यह ट्रेंड हर जगह छाया हुआ है। इस पर अभिनेता व्रजेश हीरजी ने एक मजेदार वीडियो साझा कर अपनी प्रतिक्रिया दी।


व्रजेश ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने एक बच्चे और उसके पिता की हास्यप्रद कहानी सुनाई। वीडियो की शुरुआत में उन्होंने कहा, "सोशल मीडिया पर कॉकरोच का ट्रेंड काफी चर्चा में है। यह सुनकर मुझे एक पुरानी कहानी याद आ गई।"


कहानी में उन्होंने बताया, "एक बच्चा था, जो तीन-चार दिनों से भूखा था। जब उसके पिता ने उसे खाना दिया, तो उसने मना करते हुए कहा कि उसे तो कॉकरोच खाना है। पिता ने समझाया कि वे शाकाहारी हैं, लेकिन बच्चा नहीं माना। अंत में, पिता ने एक कॉकरोच पकड़कर उसे दिया। लेकिन बच्चे ने कहा, 'मैं इसे ऐसे नहीं खाऊंगा, इसे अच्छे से सजाकर दो।'"


बच्चे ने फिर कहा, "इसके ऊपर थोड़े फूल भी रखो।" पिता ने फूल रखकर इसे 'फ्यूजन कॉकरोच मील' बना दिया। फिर बच्चे ने कहा, "इसमें थोड़ा मिर्च-मसाला डालो, तभी खाऊंगा।" पिता ने वह भी कर दिया।


जब मसालेदार कॉकरोच तैयार हुआ, तो पिता ने कहा, "लो बेटा, अब खाओ।" यह देखकर बच्चा फूट-फूटकर रोने लगा और बोला, "अब यह मुझे बिल्कुल झूठ जैसा लग रहा है, मैं कॉकरोच कैसे खा सकता हूं?"


गौरतलब है कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' एक नई ऑनलाइन मूवमेंट है, जो बेरोजगार युवाओं की आवाज़ के रूप में उभरी है। यह आंदोलन भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी से शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने फर्जी डिग्री धारकों और बेरोजगार युवाओं की तुलना 'कॉकरोच' से की थी। इस टिप्पणी के बाद कई युवाओं ने इसे मजाकिया अंदाज में अपनाया और खुद को 'कॉकरोच' कहना शुरू कर दिया। 16 मई को शुरू हुए इस अभियान ने सोशल मीडिया पर तूफान ला दिया है और इसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर तेजी से फॉलोअर्स बढ़ रहे हैं।