सोफी चौधरी ने 'फेमसली फिट विद सोफी' की सफलता पर जताया आभार, जानें क्या कहा!
सोफी चौधरी का टॉक शो 'फेमसली फिट' की सफलता पर आभार
मुंबई, 11 मई। गायिका और अभिनेत्री सोफी चौधरी इन दिनों अपने चर्चित टॉक शो 'फेमसली फिट विद सोफी' के कारण चर्चा में हैं। सोमवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
सोफी ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वे बॉलीवुड के कई सेलेब्स के साथ नजर आ रही हैं। शो को दर्शकों से मिल रहे अपार प्यार ने उन्हें भावुक कर दिया। उन्होंने बताया कि इस शो का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और सेलेब्स के जीवन के बारे में खुलकर बात करना है।
उन्होंने लिखा, "'फेमसली फिट विद सोफी' को जो प्यार मिल रहा है, उससे मैं सच में बहुत भावुक और आभारी हूं। मैंने यह शो इसलिए बनाया था ताकि यह लोगों को प्रेरित, एंटरटेन और सेलेब्स के साथ उनके जीवन पर वास्तविक बातचीत करना था। सच कहूं, तो यह सब हमारे दर्शक और बेहतरीन टीम की वजह से संभव हो पाया है।"
सोफी ने अपने शो में आए मेहमानों का दिल से धन्यवाद किया, जिन्होंने अपनी सच्चाई और ह्यूमर के साथ अपनी कहानियां साझा कीं। उन्होंने कहा, "आप सभी के साथ हर बातचीत बहुत खास रही।"
उन्होंने पर्दे के पीछे काम करने वाली प्रोडक्शन टीम, अमेजन ब्रैंड्स और एमएक्स प्लेयर के सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने लिखा, "गौरव और पवनीत, इस सफर में साथ देने और प्रोजेक्ट को मिलकर बनाने के लिए बहुत शुक्रिया। साहिल, पवन और पूरी टीम, आपकी मेहनत और समर्पण के बिना यह संभव नहीं था।"
अभिनेत्री ने अपनी व्यक्तिगत टीम का भी धन्यवाद किया, जिसमें तनीषा और अंशिका शामिल हैं। उन्होंने अपने लंबे समय के ट्रेनर प्रशांत बंदल का भी आभार व्यक्त किया। अंत में, उन्होंने अपनी मां और सभी दर्शकों का भी धन्यवाद किया।