सोनू सूद ने नेपाल में बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत सामग्री भेजी
सोनू सूद की मानवीय पहल
अभिनेता सोनू सूद ने नेपाल में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काठमांडू का दौरा किया। उन्होंने कहा कि उनका फाउंडेशन आने वाले महीनों में भी राहत कार्य जारी रखेगा। ‘द काठमांडू पोस्ट’ के अनुसार, सूद अपने ‘सूद चैरिटी फाउंडेशन’ की टीम के साथ मंगलवार को नेपाल पहुंचे। वह 26 अगस्त को आई बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए खाद्य सामग्री और कंबल लेकर गए हैं।
सूद ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘हम बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों की मदद के लिए यहां आए हैं। हम जरूरतमंदों के साथ खड़े रहना चाहते हैं और उनकी जिंदगी को फिर से सामान्य बनाने में मदद करेंगे।’’ उन्होंने बताया कि राहत अभियान के तहत कंबल और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी टीम प्रभावित समुदायों की आवश्यकताओं का आकलन कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने बड़ी मात्रा में कंबल और खाद्य सामग्री भेजी है और हम लगातार यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि उन्हें और क्या चाहिए।
हम भारत से आवश्यक सामग्री भेजने का प्रयास कर रहे हैं।’’ नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के गिरने से अचानक आई बाढ़ ने 26 अगस्त को उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में भारी तबाही मचाई थी। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, मंगलवार को बाढ़ में मृतकों की संख्या 1,100 से अधिक हो गई, जबकि लगभग 4,000 लोग अब भी लापता हैं और करीब 12,000 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। सूद (53 वर्ष) ने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करेंगे कि राहत सामग्री केवल इस महीने ही नहीं, बल्कि आने वाले महीनों में भी पहुंचती रहे।’’ अभिनेता ने 26 अगस्त को नेपाल जाने की अपनी योजना की घोषणा की थी।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नेपाल, आप अकेले नहीं हैं। हम भोजन, आश्रय और आपको फिर से खड़ा होने में मदद करने के लिए आ रहे हैं।’’ मंगलवार रात एक अन्य पोस्ट में सूद ने नेपाली बच्चों के साथ अपनी तस्वीरें साझा कीं और लिखा, ‘‘उन्होंने अपने घर, अपने परिवार और अपना बचपन खो दिया... लेकिन साथ मिलकर हम उन्हें एक नई शुरुआत करने में मदद करेंगे। नेपाल, आप अकेले नहीं हैं।’’ यह पहली बार नहीं है जब सूद ने मानवीय सहायता से जुड़ी पहल की है।
कोविड-19 महामारी के दौरान, उन्होंने पूरे भारत में फंसे हजारों प्रवासी कामगारों के लिए परिवहन की व्यवस्था की थी, जिसके लिए उन्हें व्यापक सराहना मिली थी। अभिनेता ने 2025 में पंजाब में आई बाढ़ के दौरान भी राहत कार्य किया था। इस साल मार्च में, उन्होंने पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान संघर्ष के कारण दुबई में फंसे यात्रियों को मुफ्त आवास उपलब्ध कराने की पेशकश की थी।