☰
×

सोनू निगम का फ्लाइट में अनोखा कॉन्सर्ट: फैंस ने गाए उनके हिट गाने!

गायक सोनू निगम ने हाल ही में एक फ्लाइट में अपने फैंस के साथ एक अनोखा अनुभव साझा किया। रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो फ्लाइट में यात्रियों ने उनके हिट गाने गुनगुनाए, जिससे पूरा माहौल एक छोटे से कॉन्सर्ट में बदल गया। सोनू ने इस पल को अपने फोन में कैद किया और यात्रियों के उत्साह का जिक्र किया। जानें इस दिलचस्प घटना के बारे में और सोनू निगम के करियर के बारे में।
 

सोनू निगम का फ्लाइट में जादुई अनुभव



मुंबई, 21 नवंबर (वेब वार्ता)। गायक सोनू निगम और उनके प्रशंसकों के बीच एक विशेष संबंध देखने को मिलता है। जहां फैंस उनकी आवाज के दीवाने हैं, वहीं सोनू भी अपने अनोखे अंदाज से उनसे जुड़े रहते हैं। हाल ही में एक फ्लाइट में इस संबंध की एक झलक देखने को मिली, जब यात्रियों ने उनके लोकप्रिय गाने गाना शुरू कर दिया और सोनू ने इस पल को और खास बना दिया।


दरअसल, शुक्रवार को रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो फ्लाइट में सोनू निगम मौजूद थे। जैसे ही यात्रियों ने उनके गाने गुनगुनाने शुरू किए, पूरा प्लेन एक छोटे से कॉन्सर्ट में तब्दील हो गया।


सोनू ने इस सरप्राइज को देखकर भावुक होकर अपने फोन से इस अद्भुत माहौल को रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। उन्होंने अपनी पोस्ट में यात्रियों के उत्साह का जिक्र किया।


उन्होंने बताया कि सीट बेल्ट का साइन बंद होने के बावजूद यात्री अपनी सीट पर बैठे रहे और उनका इंतजार करते रहे, ताकि वह उनके लिए गाना गा सकें। सोनू ने वीडियो में लिखा, “सीट बेल्ट का साइन बंद हो चुका है और फिर भी वे बैठे हुए हैं, इससे साफ पता चलता है कि वे शो टाइम का इंतजार कर रहे हैं।”


जब यात्रियों ने सोनू से गाने की गुजारिश की, तो उन्होंने केबिन में खड़े होकर अपने सुपरहिट गाने ‘किसका है तुमको इंतजार’, ‘मैं हूं ना’, ‘तुझे लगे ना नजरिया’ और ‘कल हो ना हो’ गाए।


वीडियो शेयर करते हुए सोनू ने लिखा, “ऐसा प्यार, जो सिर्फ सपनों में होता है। आप सभी का शुक्रिया।”


गौरतलब है कि सोनू निगम भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में लगभग चार दशकों से सक्रिय हैं और वह हिंदी, कन्नड़ समेत कई भारतीय भाषाओं में शास्त्रीय, पॉप, गज़ल, भक्ति और फ़िल्मी संगीत के लिए जाने जाते हैं। उन्हें पद्म श्री, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार जैसे कई सम्मान मिल चुके हैं। गायकी के साथ-साथ उन्होंने अभिनय, संगीत निर्देशन, डबिंग और टीवी होस्टिंग भी की है।