×

सुरभि ज्योति बनीं मां! जानें उनकी बेटी के जन्म की खास बातें

टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री सुरभि ज्योति और उनके पति सुमित सूरी ने हाल ही में एक बेटी का स्वागत किया है। इस खुशखबरी को सुरभि ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे उनके फैंस और मनोरंजन जगत के कलाकारों ने उन्हें बधाइयां दीं। जानें इस नए सफर की शुरुआत के बारे में और सुरभि की प्रेम कहानी के बारे में।
 

सुरभि ज्योति और सुमित सूरी बने माता-पिता




मुंबई, 14 जून। टीवी की मशहूर अभिनेत्री सुरभि ज्योति और उनके पति सुमित सूरी ने शादी के डेढ़ साल बाद एक प्यारी बेटी का स्वागत किया है। इस खुशखबरी को सुरभि ने अपने फैंस के साथ सोशल मीडिया पर साझा किया। जैसे ही यह सूचना सामने आई, उनके फैंस और मनोरंजन जगत के कई कलाकारों ने उन्हें बधाइयां दीं।


सुरभि ने इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत पोस्टर साझा किया, जिसमें एक गुलाबी रंग का गुलाब था और लिखा था, 'बेटी हुई है'। साथ ही तारीख 13 जून, 2026 भी अंकित थी। कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'हमारी बेटी आ गई है। हमारा दिल प्यार और आभार से भरा हुआ है।'


इस पोस्ट पर बधाइयों का तांता लग गया। हजारों फैंस ने सुरभि और सुमित को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। लोगों ने मां और बेटी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की और परिवार को ढेर सारी खुशियों की शुभकामनाएं भेजीं।


टीवी अभिनेत्री आशका गोराडिया ने भी अपनी खुशी व्यक्त करते हुए लिखा, "बधाई हो"। वहीं, किश्वर मर्चेंट ने भी उत्साह के साथ शुभकामनाएं दीं। शालीन मल्होत्रा ने लिखा, 'भगवान आपको आशीर्वाद दें।' फैंस ने कई रेड हार्ट इमोजी भी बनाए।


सुरभि और सुमित की प्रेम कहानी की शुरुआत म्यूजिक वीडियो 'हांजी- द मैरिज मंत्रा' के सेट पर हुई थी, जहां वे दूल्हा-दुल्हन बने थे। शूटिंग के दौरान उनकी दोस्ती गहरी हुई और यह धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।


हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लंबे समय तक निजी रखा, लेकिन मई 2024 में सुरभि ने सोशल मीडिया पर सुमित के साथ एक तस्वीर साझा कर इसे सार्वजनिक किया। 27 अक्टूबर 2024 को, परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट में उन्होंने शादी की और अब अपनी पहली संतान का स्वागत किया है।