☰
×

सिंटा विवाद: उपासना सिंह ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे पर लगाए गंभीर आरोप!

सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) में चल रहे विवाद ने अब बैंक खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट को भी प्रभावित किया है। उपासना सिंह ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें फंड का दुरुपयोग शामिल है। उन्होंने बताया कि कैसे फ्रीज किए गए अकाउंट से पैसे का ट्रांसफर किया गया। नगमा ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं। जानें इस विवाद की पूरी कहानी!
 

सिंटा के बैंक खातों में विवाद गहराया

मुंबई, 1 अक्टूबर। सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) के भीतर चल रहे विवाद ने अब संस्था के बैंक खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) को भी प्रभावित कर दिया है। अभिनेत्री उपासना सिंह, जो सिंटा की पूर्व पदाधिकारी हैं, ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें संस्था के फंड और बैंक अकाउंट का दुरुपयोग शामिल है।


उपासना ने एक विशेष बातचीत में बताया कि जब कमेटी भंग हुई, तब उन्होंने फ्रीज किए गए बैंक अकाउंट को एक्सेस किया और पाया कि सिंटा की एफडी का पैसा दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया गया।


उन्होंने कहा, ''हमारे पास पांच बैंकों में एफडी और बैंक अकाउंट हैं। जब हमारी कमेटी भंग हुई, तब दीपक पाराशर ट्रेजरर थे। हमने सभी बैंकों को सूचित किया था कि कमेटी भंग हो चुकी है और नए सदस्यों के आने तक अकाउंट फ्रीज रहना चाहिए।''


उपासना ने आगे कहा, ''अदालत के आदेश के बाद ही अकाउंट को फिर से खोला जाना चाहिए था। लेकिन हमें पता चला कि एक अकाउंट पहले ही खोला जा चुका था और एफडी का पैसा दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर किया गया था। किसी भी संस्था की फिक्स्ड डिपॉजिट तोड़ने के लिए सदस्यों की सहमति आवश्यक होती है।''


जब उनसे पूछा गया कि क्या इस तरह के लेनदेन के लिए अधिकृत हस्ताक्षर की आवश्यकता होती है, तो उपासना ने कहा, ''उन्हें शायद हस्ताक्षर की आवश्यकता पड़ी होगी, लेकिन अकाउंट तो फ्रीज था। फिर उन्होंने क्या किया? वे ऑफिस स्टाफ से मिले और उन्हें बैंक ले जाकर दस्तावेज दिखाए।''


उपासना ने पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने बैंक जाकर संस्था से जुड़े दस्तावेज दिखाकर अकाउंट खुलवाने की प्रक्रिया की। उन्होंने खुद को सिंटा की कमेटी का हिस्सा बताया, जबकि उस समय वे उन पदों पर नहीं थीं।


उपासना ने बताया कि संस्था के पास लगभग 90 लाख रुपए की एफडी है और विभिन्न लेनदेन के जरिए पैसे का ट्रांसफर किया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितनी एफडी तोड़ी गई हैं।


इस बीच, अभिनेत्री नगमा ने भी सिंटा के फंड के उपयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कथित तौर पर एफडी तोड़कर कर्मचारियों की सैलरी देने के लिए पैसे का इस्तेमाल किया जा रहा है।


नगमा ने कहा, ''यह पैसा कलाकारों के लिए है। इसका गलत इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। उन्होंने नया अकाउंट खोल लिया है, लेकिन इसका क्या मतलब है? कोर्ट ने 26 अक्टूबर को सुनवाई की तारीख तय की है। हमें उस फैसले का इंतजार करना चाहिए।''


उन्होंने आगे कहा, ''आप कह रहे हैं कि स्टाफ को सैलरी देना जरूरी है। लेकिन यह पैसा किसका है? आप कलाकारों के पैसे से स्टाफ को सैलरी दे रहे हैं। यह सही नहीं है।''