साउथ एक्ट्रेसेस ने गलत एंगल से शूटिंग पर उठाई आवाज, कहा- 'हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे!'
साउथ फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्रियों का विरोध
बेंगलुरु, 3 मार्च। फिल्म उद्योग में ग्लैमर और कैमरों की चकाचौंध के बीच एक महत्वपूर्ण मुद्दा फिर से उभरा है, जिस पर लंबे समय से चर्चा होती रही है, लेकिन इसे अक्सर नजरअंदाज किया जाता है। सार्वजनिक कार्यक्रमों, फिल्म प्रमोशन और पुरस्कार समारोहों के दौरान महिला कलाकारों की तस्वीरें और वीडियो कई बार ऐसे एंगल से लिए जाते हैं, जो असहज और आपत्तिजनक माने जाते हैं।
इस विषय पर साउथ फिल्म इंडस्ट्री की कुछ प्रमुख अभिनेत्रियों ने अपनी आवाज उठाई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे इस तरह के जानबूझकर किए गए अनुचित एंगल को सहन नहीं करेंगी।
अभिनेत्रियों रुक्मिणी वसंत, आशिका रंगनाथ और सप्तमी गौड़ा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक संयुक्त बयान जारी कर इस व्यवहार की कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा, ''कई बार सार्वजनिक आयोजनों में महिला कलाकारों की तस्वीरें जानबूझकर गलत एंगल से ली जाती हैं। कैमरे का ध्यान उनके काम, उपलब्धियों या कार्यक्रम के उद्देश्य पर नहीं, बल्कि उनके शरीर पर होता है। यह एक बार की घटना नहीं है, बल्कि बार-बार होने वाली समस्या है।''
अभिनेत्रियों ने स्पष्ट रूप से कहा, ''इस तरह के जानबूझकर किए गए अनुचित एंगल पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। यह हमारे सम्मान का उल्लंघन है और इसे सामान्य नहीं माना जा सकता। कुछ लोग व्यूज और सनसनी के लिए इस तरह की क्लिप्स को रिकॉर्ड और साझा करते हैं, जो न केवल अपमानजनक है बल्कि महिलाओं की पेशेवर पहचान को भी कमजोर करता है। हम सिनेमा और अपने कौशल के लिए जानी जाना चाहती हैं, न कि इस तरह की गलत प्रस्तुतियों के लिए।''
अभिनेत्रियों ने मीडिया और इवेंट कवर करने वाले फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों से भी अपील की है कि वे पेशेवर आचरण बनाए रखें। उन्होंने कहा, ''पत्रकारिता और मीडिया का कार्य सम्मान और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। बुनियादी शालीनता और मर्यादा हर पेशे की पहचान होती है। हम इस मुद्दे पर एकजुट हैं और ऐसी किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेंगी।''