×

शेफाली शाह ने फ्रेंडशिप डे पर साझा की दोस्ती की खूबसूरत परिभाषा

शेफाली शाह ने फ्रेंडशिप डे के अवसर पर अपने दोस्तों के साथ बिताए खास लम्हों की तस्वीरें साझा कीं और सच्ची दोस्ती की गहराई को बयां किया। उन्होंने अपने पोस्ट में बताया कि सच्चे दोस्त हर परिस्थिति में आपके साथ होते हैं और आपकी खुशियों और दुखों में साझीदार बनते हैं। उनका यह संदेश न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि दोस्ती की असली परिभाषा को भी उजागर करता है।
 

शेफाली शाह का दोस्ती पर दिल छू लेने वाला संदेश


मुंबई, 2 अगस्त। 'दिल्ली क्राइम', 'जलसा' और 'थ्री ऑफ अस' जैसी चर्चित फिल्मों और वेब सीरीज में अपने बेहतरीन अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाली शेफाली शाह ने हाल ही में फ्रेंडशिप डे के अवसर पर अपने दोस्तों के लिए एक खास पोस्ट साझा किया।


उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर अपने दोस्तों के साथ बिताए कई यादगार लम्हों की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह अपनी गर्ल गैंग के साथ हंसती और खुशहाल पल बिताती नजर आ रही हैं। इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक भावुक नोट भी लिखा, जिसमें उन्होंने सच्ची दोस्ती की परिभाषा को अपने शब्दों में व्यक्त किया।


शेफाली ने लिखा, ''सच्चे दोस्त वही होते हैं, जो आपको आपके हर रूप में स्वीकार करते हैं। अच्छे दोस्त इस बात की परवाह नहीं करते कि आप पहले कैसे थे, आज कैसे हैं या भविष्य में कैसे बनेंगे। उनके लिए सबसे ज्यादा मायने आपके रिश्ते और भरोसे के होते हैं।''


उन्होंने आगे कहा, ''सच्चे दोस्त हर सुख-दुख में आपके साथ खड़े रहते हैं और जिंदगी के हर मोड़ पर आपका हौसला बढ़ाते हैं। चाहे आपकी कमर का साइज बदल जाए या जीवन में कुछ भी बदल जाए, उनका साथ नहीं बदलता।''


शेफाली ने यह भी कहा, ''सच्चे दोस्त आपकी गलतियों से भी आपको सीख देते हैं और आपकी हर छोटी-बड़ी अजीब आदत को खुशी-खुशी स्वीकार करते हैं। अगर कभी मुश्किल वक्त आ जाए तो वही सबसे पहले आपका हाथ पकड़ते हैं।''


उन्होंने लिखा, ''वे आपकी हर जीत का जश्न मनाते हैं और खुशी, दुख, शरारत और मुश्किल हर पल में आपके साथी बनते हैं। जब आप निराशा से घिर जाते हैं, तब वही आपको संभालते हैं और फिर से खड़ा होने की ताकत देते हैं।''


अंत में, उन्होंने कहा, ''सच्चे दोस्तों की सबसे बड़ी खासियत यह होती है कि उन्हें ज्यादा शब्दों की जरूरत नहीं पड़ती। वे आपकी बातों के साथ-साथ आपकी खामोशी और भावनाओं को भी समझ लेते हैं।''


शेफाली ने अपने पोस्ट का समापन करते हुए लिखा, ''वे आपके साथ धरती पर, स्वर्ग में और जरूरत पड़े तो नरक तक भी चलेंगे। भगवान हमारी कितनी शरारतों को माफ करेंगे, यह तो नहीं पता, लेकिन सच्चे दोस्त हमेशा साथ रहते हैं। हैप्पी फ्रेंडशिप डे।''