×

शेखर सुमन ने साझा किए फूलन देवी और बाल ठाकरे के साथ यादगार अनुभव

शेखर सुमन ने हाल ही में एक बातचीत में अपने करियर के दौरान फूलन देवी और बाल ठाकरे के साथ हुए दिलचस्प इंटरव्यू के अनुभव साझा किए। उन्होंने फूलन देवी के छोटे कद और उनके मजेदार जवाबों का जिक्र किया, साथ ही बाल ठाकरे के साथ हुई एक यादगार बातचीत का भी उल्लेख किया। जानें इन खास लम्हों के बारे में और कैसे ये पल उनके लिए यादगार बन गए।
 

शेखर सुमन के दिलचस्प इंटरव्यू अनुभव

मुंबई, 10 मई। प्रसिद्ध अभिनेता और टीवी होस्ट शेखर सुमन ने अपने लंबे करियर में कई प्रमुख राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों का इंटरव्यू लिया है। हाल ही में एक बातचीत में, उन्होंने अपने पुराने दिनों की कुछ रोचक कहानियाँ साझा कीं। इस दौरान, उन्होंने फूलन देवी के साथ अपनी एक विशेष मुलाकात का जिक्र किया।

शेखर ने कहा, ''मैंने कभी भी किसी का इंटरव्यू लेने में घबराहट महसूस नहीं की। मैं हमेशा आत्मविश्वास के साथ सवाल पूछता था, लेकिन जब फूलन देवी मेरे सामने बैठीं, तो मैंने एक दिलचस्प बात देखी। उनका कद इतना छोटा था कि कुर्सी पर बैठने के बाद उनके पैर जमीन तक नहीं पहुँच रहे थे।''

उन्होंने आगे कहा, "मैंने मजाक में उनसे पूछा कि जब आपके पैर जमीन तक नहीं पहुँचते, तो आप घोड़े पर बैठकर एक हाथ में बंदूक लेकर कैसे घूमती थीं? आप तो 'बैंडिट क्वीन' हैं।''

शेखर ने बताया, ''फूलन देवी ने मेरे सवाल पर कुछ देर तक मुझे देखा और फिर मैंने एक और सीधा सवाल किया। मैंने पूछा कि आपने इतने लोगों को गोली मारी और इतनी खतरनाक जिंदगी जी, तो क्या आपको कभी किसी से डर लगता है?"

उन्होंने कहा, ''फूलन देवी ने मेरे सवालों का जवाब बहुत मजेदार तरीके से दिया। उन्होंने हंसते हुए कहा, 'आपसे डर लगता है, क्योंकि आप सवालों से गोली चलाते हैं।' यह पल मेरे लिए बेहद यादगार था।''

शेखर सुमन ने दिवंगत शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के साथ एक और दिलचस्प अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, ''एक बार बाल ठाकरे ने मुझे फोन करके मेरे शो की तारीफ की थी। मैंने तुरंत उनसे इंटरव्यू के लिए पूछ लिया।''

उन्होंने बताया, ''इंटरव्यू के बाद, बाल ठाकरे ने कहा कि उन्हें बातचीत में बहुत मजा आया और एक और इंटरव्यू करना चाहिए। मैंने मजाक में कहा कि मेरे पास दूसरे कपड़े नहीं हैं। तब बाल ठाकरे ने कहा कि उसी कपड़े में दूसरा इंटरव्यू कर लेते हैं। यह पल भी मेरे जीवन के सबसे यादगार लम्हों में से एक है।''

--News Media

पीके/वीसी