शाहरुख खान के जन्मदिन पर मन्नत के बाहर उमड़ी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
शाहरुख खान का 61वां जन्मदिन
मुंबई, 02 नवंबर (वेब वार्ता)। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर उनके बांद्रा स्थित निवास 'मन्नत' के बाहर प्रशंसकों की भीड़ जुटने लगी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने प्रिय अभिनेता की एक झलक पाने के लिए वहां पहुंचने लगे।
भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम को सख्त कर दिया। घर के बाहर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई, बैरिकेडिंग की गई और वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच भी की गई। पुलिस अधिकारी लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में लगे रहे।
हर साल शाहरुख खान का जन्मदिन उनके प्रशंसकों के लिए एक उत्सव जैसा होता है। इस विशेष अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से प्रशंसक 'मन्नत' के बाहर आकर अभिनेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं। शाहरुख भी अक्सर अपनी बालकनी से बाहर आकर प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं और उनके प्यार के लिए आभार व्यक्त करते हैं। इस बार भी प्रशंसकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए।
इस बीच, शाहरुख की नई फिल्म 'किंग' को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित यह फिल्म 24 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसका निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने किया है। फिल्म के अंतरराष्ट्रीय वितरण के लिए रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा कि उनकी कंपनी विदेशी वितरण की जिम्मेदारी संभालेगी। उन्होंने आशा जताई कि कंपनी की वैश्विक पहुंच और बाजार की समझ से फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।