शान और दीदार कौर का नया रोमांटिक गाना 'दिलदारा' हुआ रिलीज, जानें इसकी खासियतें!
शान का नया गाना 'दिलदारा' आया सामने
मुंबई, 31 जुलाई। हिंदी सिनेमा में पिछले डेढ़ दशक से बेहतरीन रोमांटिक गाने देने वाले 'गोल्डन वॉइस ऑफ इंडिया' शान अब एक नए अंदाज में लौट आए हैं। उन्होंने सिंगर दीदार कौर के साथ मिलकर एक नया गाना 'दिलदारा' पेश किया है। यह गाना प्यार, मस्ती और खूबसूरत यादों से भरा हुआ है। इसे थाईलैंड के खूबसूरत लोकेशन्स पर फिल्माया गया है और रिलीज होते ही यह सोशल मीडिया पर छा गया है। फैंस इसे बेहद पसंद कर रहे हैं।
गाने के बारे में बात करते हुए शान ने कहा, ''मैं चाहता था कि यह गाना सुनने में बेहद नजदीकी और सच्चा लगे, जैसे दो लोग एक-दूसरे की मौजूदगी में खो गए हों। लोगों को सुनते वक्त ऐसा महसूस होना चाहिए कि वे भी किसी अपने के करीब हैं। मुझे लगता है कि आजकल ऐसे गाने कम बनते हैं जो बिना शोर के सीधे दिल तक पहुंचते हैं।''
गाने के अर्थ को समझाते हुए शान ने कहा, ''दिलदारा एक ऐसे प्यार की कहानी है जो धीरे-धीरे आपकी जिंदगी का हिस्सा बन जाता है। ऐसा प्यार जो शोर नहीं करता, लेकिन आपकी हर सोच में शामिल होता है। सुबह उठते ही, रात को सोते वक्त, हर छोटी-बड़ी बात में वही शख्स याद आता है। मुझे उम्मीद है कि लोग इस गाने में अपनी कहानी का कोई न कोई हिस्सा जरूर पाएंगे।''
गाने का वीडियो थाईलैंड में शूट किया गया है, जिसमें वहां के खूबसूरत समुद्र तट, पहाड़ी रास्ते और हरे-भरे दृश्य दिखाए गए हैं। पूरा ट्रैक एक ट्रैवल रोमांस की तरह है।
इस गाने में शान के साथ पहली बार दीदार कौर ने अपनी आवाज दी है। दीदार के लिए यह अनुभव बेहद खास रहा। उन्होंने कहा, ''गाने में एक प्यारी सी एनर्जी है। यह गाना इमोशनल और रोमांटिक दोनों है। शान के साथ काम करना मेरे करियर का सबसे यादगार पल रहा।''
उन्होंने आगे कहा, ''शान के साथ पहली बार कोलैब करना मेरे लिए बहुत स्पेशल था। वह इंडस्ट्री के सीनियर और टैलेंटेड आर्टिस्ट हैं। उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। मुझे उम्मीद है कि लोग इस गाने को सुनकर मुस्कुराएंगे, इसके साथ गाएंगे और इसमें अपनी लव स्टोरी ढूंढ पाएंगे।''
'दिलदारा' अब सभी प्रमुख ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स जैसे स्पॉटिफाई, जियोसावन, गाना और एप्पल म्यूजिक पर उपलब्ध है। इसके अलावा, गाने का ऑफिशियल वीडियो टाइम्स म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर भी रिलीज किया गया है।