×

रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद के दर्दनाक अनुभवों को साझा किया

रिया चक्रवर्ती ने हाल ही में एक चैट शो में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद के कठिन समय को साझा किया। उन्होंने अपने भाई शोविक के साथ मिलकर उस मानसिक तनाव और डर के बारे में बात की, जो उन्होंने अनुभव किया। रिया ने बताया कि कैसे इस घटना ने उनके जीवन को प्रभावित किया और आज भी वह ट्रॉमा से पूरी तरह उबर नहीं पाई हैं। जानें उनके अनुभव और संघर्ष के बारे में इस लेख में।
 

रिया चक्रवर्ती का खुलासा: सुशांत के बाद का कठिन समय




मुंबई, 25 जून। अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु के बाद के कठिन समय को याद किया। नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो 'डबल डेट' में, उन्होंने अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के साथ मिलकर उस समय की मानसिक स्थिति, डर और तनाव के बारे में खुलकर चर्चा की।


दरअसल, रिया और शोविक को 2020 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने ड्रग्स से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था। यह मामला सुशांत की मौत की जांच के दौरान सामने आया था और उस समय देशभर में इस पर काफी चर्चा हुई थी।


शो के दौरान, दोनों भाई-बहनों ने बताया कि उस घटना के बाद उनका जीवन पूरी तरह से बदल गया। रिया ने कहा कि उस समय मानसिक तनाव, डर और सामाजिक दबाव इतना अधिक था कि जीना भी मुश्किल हो गया था। उस समय में जो कुछ हुआ, उसने हमें गहराई से प्रभावित किया और इसका असर लंबे समय तक रहा।


शोविक ने अपने पुराने जीवन को याद करते हुए कहा, ''एक समय था जब मैं एक अलग जीवन जी रहा था। मेरा सपना था कि मैं आईआईएम या व्हार्टन जैसे प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूल में पढ़ाई करूं, लेकिन अचानक सब कुछ बदल गया। जीवन ने ऐसा मोड़ लिया जिसकी मैंने कभी कल्पना नहीं की थी।''


उन्होंने आगे कहा, ''कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं जिन्हें कोई भी पहले से नहीं समझ सकता और मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ। एक सामान्य जीवन अचानक संकट में बदल गया जिसकी मैंने उम्मीद नहीं की थी। इस बुरे अनुभव से बाहर आने में मुझे लगभग चार से पांच साल लगे।''


शोविक ने कहा, "आज भी कई बार मैं उन पलों को याद करता हूं और सोचता हूं कि यह सब मेरे साथ क्यों हुआ। इस घटना ने मेरी मानसिक स्थिति पर गहरा असर डाला है। मुझे ट्रॉमैटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (पीटीएसडी) है। आज भी अगर दरवाजे की घंटी बजती है, तो मुझे पुराने दिन याद आ जाते हैं। उस समय ऐसा माहौल था कि हर छोटी आवाज भी हमें खतरे जैसी लगती थी।"


जब रिया से पूछा गया कि क्या वह ट्रॉमा से पूरी तरह उबर पाई हैं, तो उन्होंने कहा कि ऐसा अनुभव कभी पूरी तरह खत्म नहीं होता। ट्रॉमा केवल दिमाग तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह शरीर और भावनाओं में भी कहीं न कहीं बना रहता है। मैं धीरे-धीरे खुद को संभाल रही हूं। थेरेपी की मदद से आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हूं, लेकिन यह दर्द पूरी तरह मिटता नहीं है।


उन्होंने कहा कि यह अनुभव इसलिए और डरावना था क्योंकि यह सब कुछ सार्वजनिक रूप से हुआ। पूरे देश और मीडिया की नजरों में होने के कारण हर कोई हमारे बारे में राय बना रहा था। हालांकि, हम दोनों ने धीरे-धीरे खुद को संभाला और जीवन में आगे बढ़ने की कोशिश की। शो 'डबल डेट' यूट्यूब पर स्ट्रीम होता है।