रितेश देशमुख ने 'राजा शिवाजी' की सफलता पर गणपति से लिया आशीर्वाद, जानें क्या कहा!
रितेश देशमुख का गणपति मंदिर में आशीर्वाद
मुंबई, 3 मई। अभिनेता रितेश देशमुख ने अपनी हालिया फिल्म 'राजा शिवाजी' की सफलता के उपलक्ष्य में भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। उन्होंने दगडूशेठ हलवाई गणपति मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की और फिल्म की सफलता के लिए भगवान का धन्यवाद अर्पित किया।
मंदिर में दर्शन के बाद, रितेश ने मीडिया से बातचीत में कहा, ''यह स्थान मेरे लिए बहुत पवित्र है। जब भी मुझे अवसर मिलता है, मैं यहां अवश्य आता हूं। मेरे पिता, विलासराव देशमुख, भी हर साल इस मंदिर में दर्शन करने आते थे।''
फिल्म 'राजा शिवाजी' के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ''यह फिल्म मेरे लिए बहुत खास है। यह केवल एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक भावनात्मक यात्रा है। यह महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता और संघर्ष पर आधारित है, और इसे बनाने में हमारी पूरी टीम ने बहुत मेहनत की है।''
रितेश ने बताया कि इस फिल्म का सपना उनके मन में पिछले 10 वर्षों से था। उन्होंने कहा, ''इतने लंबे समय तक इस प्रोजेक्ट पर काम करना आसान नहीं था। खासकर पिछले साढ़े तीन साल में हमने इसे दर्शकों के सामने पेश करने के लिए कड़ी मेहनत की। अब जब दर्शक इसे इतना प्यार दे रहे हैं, तो मुझे बहुत खुशी हो रही है।''
उन्होंने आगे कहा, "मुझे उम्मीद नहीं थी कि फिल्म को इतनी जबरदस्त प्रतिक्रिया मिलेगी। लोग सिनेमाघरों में आकर इसे देख रहे हैं और अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं, यह देखकर मैं बहुत भावुक हूं। दर्शकों का यह प्यार मेरे लिए किसी बड़े पुरस्कार से कम नहीं है, और मैं दिल से सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं।"
मंदिर जाने से पहले, रितेश अपने गृह नगर लातूर भी गए थे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। अपने शहर में मिले प्यार को देखकर वह काफी खुश नजर आए। इसके अलावा, कुछ समय पहले रितेश ने पत्नी जेनेलिया देशमुख के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज मंदिर में भी दर्शन किए थे।