×

राम मंदिर चढ़ावे की चोरी पर सुनील लहरी का गुस्सा: 'रक्षक ही भक्षक बन गया!'

अयोध्या के राम मंदिर से चढ़ावे की चोरी पर सुनील लहरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की है। लहरी ने कहा कि रक्षक ही भक्षक बन गया है और श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ विश्वासघात हुआ है। उन्होंने कानून से अपील की है कि दोषियों को ऐसी सजा दी जाए कि आने वाली पीढ़ियाँ भी इसे याद रखें। जानें पूरी कहानी और लहरी का वीडियो संदेश।
 

सुनील लहरी की कड़ी प्रतिक्रिया




मुंबई, 30 जून। अयोध्या के राम मंदिर से चढ़ावे की चोरी की घटना पर टीवी के मशहूर अभिनेता सुनील लहरी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले लहरी ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।


अपने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में, उन्होंने कहा, "नमस्कार दोस्तों, जय राम जी की। 400-500 साल की मेहनत और हजारों बलिदानों के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा धूमधाम से की गई थी।"


लहरी ने चढ़ावे की चोरी को शर्मनाक करार देते हुए कहा, "इस मंदिर में करोड़ों की चोरी हुई है, यह कितनी नीचता है। रक्षक ही भक्षक बन गया है। श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ यह कितना बड़ा विश्वासघात है। मैं कानून और सरकार से अपील करता हूं कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।"


उन्होंने आगे कहा कि सजा ऐसी होनी चाहिए कि आने वाली पीढ़ियाँ भी इसे याद रखें। लहरी ने यह भी कहा कि जैसे सऊदी अरब में चोरी की सजा होती है, वैसी ही सजा दी जानी चाहिए ताकि कोई भी ऐसा करने की हिम्मत न करे।


वीडियो के साथ लहरी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "रामचन्द्र जी ने कहा था कि ऐसा कलयुग आएगा जब रक्षक ही श्रद्धालुओं के चढ़ावे को लूटेंगे।"


गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावे में अनियमितताओं के आरोपों के बाद राज्य सरकार ने जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। इस दल में लखनऊ मंडलायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक और विशेष सचिव वित्त शामिल हैं। जांच प्रक्रिया अभी जारी है।