रवीना टंडन ने महाकाल के दरबार में मनाया खास दिन, बेटी राशा और बेटे के साथ की पूजा
रवीना टंडन का महाकालेश्वर मंदिर में परिवार के साथ दर्शन
मुंबई, 17 नवंबर। अभिनेत्री रवीना टंडन अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपनी धार्मिक आस्था के लिए भी जानी जाती हैं। हाल ही में, रवीना एक बार फिर भगवान शिव के दरबार में नजर आईं, इस बार उनके साथ उनकी बेटी राशा थडानी और बेटा भी थे। उन्होंने उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में जाकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और अपने परिवार के लिए आशीर्वाद मांगा।
दर्शन के बाद, रवीना ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि उन्होंने अपने दोनों बच्चों को एक साथ महाकाल के दरबार में लाने का अवसर पाया है।
रवीना ने मंदिर में दर्शन के बाद अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, 'आज का दिन मेरे लिए बहुत सौभाग्यशाली है, क्योंकि मैं अपने बेटे और बेटी दोनों को साथ लेकर आई हूं। मेरी बेटी पहले भी मेरे साथ मंदिरों में आ चुकी है। हम देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुके हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'इस बार मेरा बेटा भी हमारे साथ मंदिर आया है। परिवार के अन्य सदस्य और दोस्त भी हमारे साथ हैं।'
उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और यह मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित है। यह मंदिर देश के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक माना जाता है, जहां सालभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन के लिए आते हैं। खास मौकों और त्योहारों पर यहां भक्तों की भीड़ और बढ़ जाती है।
महाकालेश्वर मंदिर की एक विशेष परंपरा भस्म आरती है, जो सुबह के समय होती है। इस आरती में भगवान महाकाल का भस्म से श्रृंगार किया जाता है। इसे देखने के लिए देशभर से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव के महाकाल स्वरूप की पूजा का विशेष महत्व है, यही कारण है कि इस मंदिर में आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ फिल्म और अन्य क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां भी दर्शन करने आती हैं।