☰
×

रवि दुबे ने पत्नी सरगुन मेहता की तारीफों के पुल बांधे, कहा- 'उनमें हैं वो गुण जो मुझमें नहीं'

अभिनेता रवि दुबे ने हाल ही में 'कौन बनेगा करोड़पति' में अपनी पत्नी सरगुन मेहता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरगुन में ऐसे गुण हैं जो उन्हें खुद में नहीं मिलते। जानें उनकी प्रेम कहानी और प्रोडक्शन में उनकी साझेदारी के बारे में।
 

रवि दुबे की सरगुन मेहता के प्रति प्रशंसा




मुंबई, 30 अक्टूबर। अभिनेता रवि दुबे अपनी पत्नी और अभिनेत्री सरगुन मेहता की प्रशंसा करते नहीं थकते। हाल ही में 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच पर पहुंचे रवि ने सरगुन के प्रति अपने सम्मान का इजहार करते हुए कहा कि वह अपनी जिंदगी में सबसे अधिक सरगुन का आदर करते हैं। उन्हें गर्व है कि सरगुन उनके जीवन का हिस्सा हैं।


रवि ने शो में कहा, "मेरे लिए सरगुन का सम्मान सबसे महत्वपूर्ण है। मैंने अपनी जिंदगी में उनके जैसा कोई और नहीं देखा। वह एक अद्भुत बेटी, बेहतरीन बहन और वफादार दोस्त हैं। इसके साथ ही, वह एक शानदार पत्नी और सफल बिजनेसवुमन भी हैं। उनके पास हमेशा नए और अनोखे विचार होते हैं, और उन्हें उन विचारों को साकार करने की क्षमता भी है।"


उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि ये गुण शायद मुझमें नहीं हैं। जब मैं सरगुन को देखता हूं, तो उनकी तारीफ किए बिना रह नहीं पाता। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि वह मेरी पत्नी हैं।"


रवि और सरगुन की पहली मुलाकात 2009 में टीवी शो '12/24 करोल बाग' के सेट पर हुई थी, जहां उन्होंने एक कपल का किरदार निभाया था। इस शो के दौरान उनकी नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। 2012 में डांस रियलिटी शो 'नच बलिए 5' के दौरान रवि ने सरगुन को प्रपोज किया और 7 दिसंबर 2013 को चंडीगढ़ में शादी कर ली।


इसके अलावा, रवि और सरगुन ने प्रोडक्शन के क्षेत्र में भी कदम रखा है। उन्होंने 2019 में 'ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट' नामक प्रोडक्शन हाउस की स्थापना की, जिसके तहत कई टीवी शो और पंजाबी फिल्में बनाई गई हैं। उनके प्रमुख टीवी शो में 'उड़ारियां', 'स्वर्ण घर' और 'जुनूनियत' शामिल हैं।


वे पंजाबी फिल्मों के प्रोड्यूसर के रूप में भी सक्रिय हैं, जिनमें 'काला शाह काला', 'सौंकन सौंकने' और 'सौंकन सौंकने 2' जैसी फिल्में शामिल हैं।