रणदीप हुड्डा ने नवजात बेटी का नाम रखा, जानें इस खास पल की कहानी
रणदीप हुड्डा और पत्नी ने साझा किया बेटी का नाम
मुंबई, 10 अप्रैल। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रणदीप हुड्डा और उनकी पत्नी लिन लैशराम ने हाल ही में अपनी बेटी का नाम सार्वजनिक किया है। माता-पिता बनने के इस नए सफर में दोनों बेहद खुश हैं और उन्होंने अपनी खुशी को फैंस के साथ साझा किया है।
दरअसल, उनकी बेटी एक महीने की हो गई है, और इस खास अवसर पर कपल ने नाम का खुलासा किया। उन्होंने अपनी लाडली का नाम 'न्योमिका हुड्डा' रखा है। इस घोषणा को उन्होंने एक विशेष तरीके से किया।
रणदीप और लिन ने एक संयुक्त बयान में कहा, "अपनी बेटी का नाम रखना हमारे लिए एक बेहद खास और भावनात्मक अनुभव रहा। जब हमने 'न्योमिका' नाम पहली बार सुना, तो हमें लगा कि यही नाम हमारी बेटी के लिए सबसे उपयुक्त है।"
उन्होंने आगे कहा, "पिछले एक महीने ने हमारी जिंदगी को पूरी तरह से बदल दिया है। यह बदलाव बहुत खूबसूरत और सुकून देने वाला है। हम पेरेंट्स के रूप में हर पल का आनंद ले रहे हैं और अपनी बेटी के साथ बिताए हर छोटे-बड़े लम्हे को संजो रहे हैं। यह नया सफर हमारे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।"
इस खास मौके पर कपल ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने अपनी बेटी को 'न्योमिका' कहकर पुकारा। यह नाम रणदीप की बहन अंजलि हुड्डा ने चुना है।
रणदीप और लिन ने 10 मार्च को अपनी बेटी का स्वागत किया था। बेटी के जन्म के समय रणदीप ने एक भावुक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उन्होंने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें साझा की थीं। पहली तस्वीर में रणदीप के पिता अपनी पोती को गोद में लिए हुए थे, जबकि दूसरी तस्वीर ब्लैक एंड व्हाइट थी जिसमें नवजात बच्ची का मुट्ठी बंद हाथ दिखाई दे रहा था।
इन तस्वीरों के साथ रणदीप ने एक दिल को छू लेने वाला कैप्शन लिखा, "दादाजी और पोती को जन्मदिन की घणी बधाई। आज जब मैं खुद पिता बना हूं, तो पापा के लिए मेरा सम्मान और भी गहरा हो गया है। सबसे महत्वपूर्ण बात – लिन, मुझे पिता बनाने और हमारी छोटी बच्ची को इस दुनिया में लाने के लिए धन्यवाद।"