×

मकर संक्रांति पर बॉलीवुड और टीवी सितारों ने दी शुभकामनाएं, देखिए किसने क्या कहा!

मकर संक्रांति के अवसर पर बॉलीवुड और टीवी सितारों ने अपने फैंस को शुभकामनाएं दी हैं। मीनाक्षी शेषाद्रि ने पारंपरिक लुक में तस्वीरें साझा की, जबकि अक्षय कुमार ने फसल और नई शुरुआत का जश्न मनाया। सोनू सूद ने गरीबों की मदद पर जोर दिया। जानिए और कौन से सितारों ने इस त्योहार को खास बनाया!
 

मकर संक्रांति का जश्न




मुंबई, 14 जनवरी। पूरे देश में मकर संक्रांति का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर बॉलीवुड और टेलीविजन के सितारे भी पीछे नहीं हैं।


सेलेब्स ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने फैंस को बधाई दी है। अक्षय कुमार से लेकर 80 के दशक की मशहूर अदाकारा मीनाक्षी शेषाद्रि ने इस अवसर पर अपने अनोखे अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं।


मीनाक्षी शेषाद्रि ने मकर संक्रांति के अवसर पर अपने पारंपरिक महाराष्ट्रियन लुक की तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें वे नौवारी साड़ी और नथ पहने नजर आ रही हैं। उन्होंने लिखा, "आइए संक्रांति के उत्सव में तुतारी, ढोल और ताशा की गूंज को महसूस करें। यह मेरे लिए महाराष्ट्र की संस्कृति का आनंद लेने का एक अद्भुत अवसर है।"


अक्षय कुमार ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर पतंग और तिल के लड्डू की तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने लिखा, "कृतज्ञता, फसल और नई शुरुआत के इस मौके पर सभी को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं।"


सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी ने अपने पिता के साथ एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने अपने नए गाने 'जाते हुए लम्हों' के साथ फैंस को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "वक़्त के साथ पतंग बदलती है, पर विरासत की डोर हर उड़ान को ताकत देती है। मकर संक्रांति की शुभकामनाएं।"


सोनू सूद ने इस अवसर पर गरीबों की मदद करते हुए एक वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा, "त्योहारों का मतलब सिर्फ खाना नहीं होता, बल्कि दिलों को खुश करना भी होता है। आइए मिलकर बांटें। मकर संक्रांति और पोंगल की शुभकामनाएं।"


टीवी एक्ट्रेस शुभांगी अत्रे ने भी अपने पारंपरिक लुक की तस्वीरें साझा की हैं और लिखा, "इस मकर संक्रांति पर, सभी नई ऊर्जा से परिपूर्ण हों।" वहीं रश्मि देसाई ने कहा, "मकर संक्रांति की शुभकामनाएं! मेरे त्योहार को रंगीन बनाने के लिए धन्यवाद।"


बॉलीवुड एक्ट्रेस अदा शर्मा ने भी फैंस को बताया कि मकर संक्रांति हर साल 14 जनवरी को ही क्यों मनाई जाती है। उन्होंने लिखा, "मकर संक्रांति, लोहड़ी, पोंगल, और माघ बिहू की शुभकामनाएं।"