बिहार बाढ़ पर अक्षरा सिंह का भावुक संदेश: आइए मिलकर करें मदद!
अक्षरा सिंह की अपील: बाढ़ प्रभावितों की सहायता करें
मुंबई, 10 सितंबर। बिहार में हो रही लगातार बारिश और नदियों के उफान ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। राज्य के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस संकट को देखते हुए, अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपनी चिंता व्यक्त की है।
अक्षरा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद करने की अपील की है। उनका मानना है कि इस कठिन समय में अगर सभी लोग बिहार के साथ खड़े होंगे, तो प्रभावितों को हौसला और सहायता मिलेगी।
वीडियो में अक्षरा ने नेपाल और असम की त्रासदियों का जिक्र करते हुए कहा, "नमस्कार, मैं आपकी अक्षरा सिंह हूं। पहले असम, फिर नेपाल और अब बिहार। बाढ़ की तस्वीरें देखकर मन बहुत दुखी होता है। कई घर डूब गए हैं और परिवार बेघर हो गए हैं। कई लोग अभी भी सुरक्षित स्थान और मदद का इंतजार कर रहे हैं। मैं बिहार की बेटी के रूप में जितनी मदद कर सकूं, आगे आना चाहती हूं, यह मेरी जिम्मेदारी है।"
उन्होंने आगे कहा, "कई घरों में पानी भरा है, और कई परिवार सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए प्रयासरत हैं। मैं आप सभी से निवेदन करती हूं कि आप भी आगे आएं और अपनी क्षमता के अनुसार मदद करें, लेकिन सुनिश्चित करें कि आप वेरिफाइड जानकारी साझा करें और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाएं। असम, नेपाल और बिहार के सभी प्रभावित परिवारों के लिए मेरी प्रार्थना है।"
अक्षरा ने हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अगर हम एकजुट रहेंगे, तो इस कठिन समय से निकल जाएंगे। मुश्किलें बड़ी हैं, लेकिन बिहार का हौसला उससे भी बड़ा है।