बाबिल खान का ध्यान पर अनोखा नजरिया: 'यह सिर्फ एक क्रिया नहीं, जीने का तरीका है'
बाबिल खान का ध्यान पर विचार
मुंबई, 8 अप्रैल। आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी और बढ़ते मानसिक तनाव के बीच, मेडिटेशन को लोग एक आवश्यक आदत के रूप में अपनाने लगे हैं। इस संदर्भ में, अभिनेता बाबिल खान ने ध्यान के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक क्रिया नहीं, बल्कि एक 'जीने का तरीका' होना चाहिए।
दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल ने कहा, ''मेडिटेशन को किसी कार्य की तरह नहीं लेना चाहिए। हमें अपने मन और शरीर को इस तरह से तैयार करना चाहिए कि ध्यान अपने आप दिनभर चलता रहे। यदि हम इसे केवल एक समय-सीमा में सीमित करते हैं, तो इसका असली लाभ नहीं मिल पाता। असल में, यह एक मानसिकता है जिसे हमें हर पल अपने साथ रखना चाहिए।''
उन्होंने आगे कहा, ''मेडिटेशन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा खुद को स्वीकार करना है। हमें अपने आप से लड़ने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि हमें खुद को वैसे ही अपनाना चाहिए जैसे हम हैं। जब व्यक्ति खुद को स्वीकार करता है, तभी वह आत्मविश्वास महसूस करता है और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ता है। खुद से प्यार करना और अपनी कमियों को समझना, मानसिक शांति पाने का पहला कदम है।''
बाबिल खान इन दिनों अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। वह हाल ही में भोपाल में अपने नए प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए लौटे हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह वैनिटी वैन में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने लिखा कि वह फिर से काम पर लौट आए हैं और अपने दर्शकों को गर्व महसूस कराना चाहते हैं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट के बारे में अधिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
अगर उनके करियर की बात करें, तो बाबिल खान ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत एक कैमरा असिस्टेंट के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने 2022 में फिल्म 'कला' से एक्टिंग में कदम रखा, जिसमें तृप्ति डिमरी उनके साथ थीं। इसके बाद, बाबिल 'फ्राइडे नाइट प्लान' में नजर आए, जहां उन्होंने जूही चावला के बेटे का किरदार निभाया। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान वेब सीरीज 'द रेलवे मैन' से मिली, जो भोपाल गैस त्रासदी पर आधारित थी।
हालांकि, करियर के दौरान बाबिल ने एक कठिन दौर भी देखा। कुछ समय पहले उन्होंने 6 महीने का ब्रेक लिया और सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। उस समय, वह काफी भावुक नजर आए और बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में कभी-कभी उन्हें अकेलापन महसूस होता है।