फिल्ममेकर एटली और कृष्णा प्रिया के घर आई नन्ही खुशी, जानें कैसे मनाया गया जश्न!
एटली और कृष्णा प्रिया का नया परिवार सदस्य
मुंबई, 20 अप्रैल। फिल्म निर्देशक एटली और उनकी पत्नी कृष्णा प्रिया के घर एक नई खुशी का आगमन हुआ है। उनके परिवार में एक प्यारी सी बेटी का जन्म हुआ है। इस खुशखबरी को एटली और प्रिया ने एक अनोखे तरीके से साझा किया, जिसने सभी का दिल जीत लिया। इस समाचार के बाद फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इस कपल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्टर साझा किया, जिसमें एक बच्चा टॉय कार पर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। पोस्टर पर लिखा है, 'ये हुई ना बात, मुझे एक छोटी बहन मिल गई है! बड़ा भाई मीर।'
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। फैंस के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने भी उन्हें बधाई दी।
एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने एटली और प्रिया को बधाई देते हुए लिखा, 'बहुत बहुत बधाइयां'।
काजल अग्रवाल ने कहा, 'माता-पिता, दादा-दादी और सबसे बढ़कर मीर को ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं।'
सामंथा रुथ प्रभु, निशा अग्रवाल और हुमा कुरैशी ने 'कांग्रेचुलेशन' लिखा, जबकि रश्मिका मंदाना ने हार्ट इमोजी के जरिए अपनी खुशी व्यक्त की।
यह एटली और कृष्णा प्रिया का दूसरा बच्चा है। पहले उनके घर बेटे मीर का जन्म हुआ था, और अब बेटी के आगमन से उनका परिवार और भी खुशहाल हो गया है।
अगर एटली और कृष्णा प्रिया की प्रेम कहानी की बात करें, तो उनकी पहली मुलाकात तब हुई थी जब एटली अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे और अपनी पहली फिल्म 'राजा रानी' पर काम कर रहे थे। उस समय कृष्णा प्रिया भी टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही थीं।
दोनों की पहली मुलाकात एक कॉमन दोस्त के जरिए हुई थी, और यहीं से उनकी बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे यह दोस्ती में बदल गई और फिर प्यार हो गया। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे के संघर्ष को करीब से देखा और एक-दूसरे का साथ दिया। 'राजा रानी' की सफलता ने एटली के करियर को नई दिशा दी।
कहा जाता है कि जब कृष्णा प्रिया के परिवार वाले उनकी शादी के लिए लड़का देख रहे थे, तब उन्होंने एटली को यह बात बताई। इसके बाद एटली ने उनके परिवार से बात करने की इच्छा जताई। धीरे-धीरे दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार हो गए और 2014 में एटली और कृष्णा प्रिया ने शादी कर ली।