प्राजक्ता कोली की जिंदगी में आया बदलाव, पति से मिलने के बाद खुली नई दुनिया!
प्राजक्ता कोली का बचपन और बदलाव
मुंबई, 2 दिसंबर। यूट्यूब से अपने करियर की शुरुआत करने वाली प्राजक्ता कोली अब फिल्मों और ओटीटी प्लेटफार्मों में भी अपनी पहचान बना रही हैं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में अपने बचपन और पहली बार मुसीबत में पड़ने के अनुभव साझा किए।
प्राजक्ता ने बताया, ''मेरे बचपन से लेकर कॉलेज के दिनों तक का जीवन बहुत साधारण था। मैं पढ़ाई में अच्छी थी और अपने माता-पिता की नजर में एक आदर्श संतान मानी जाती थी। इकलौती संतान होने के कारण, मेरा उनके साथ दोस्ताना रिश्ता था। घर में हमेशा खुलापन था, जिससे मैंने कभी भी किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया। मेरे पास केवल दो या तीन करीबी दोस्त थे और मेरी जिंदगी में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं आया।''
उन्होंने आगे कहा, ''मैं बहुत सामाजिक नहीं थी, न ही मुझे पार्टी करने का शौक था। स्कूल और कॉलेज में मैं इतनी शांत थी कि मुझे शायद ही कभी डांट पड़ती थी। घर और बाहर, दोनों जगह मैं हमेशा नियमों का पालन करती थी।''
प्राजक्ता ने बताया कि उनकी जिंदगी में बदलाव तब आया जब उन्होंने एक लड़के से मुलाकात की, जिससे बाद में उन्होंने शादी कर ली।
मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा, ''मेरी असली मुसीबतें तब शुरू हुईं, जब उसी लड़के ने मुझे पहली बार रात में बाहर जाने, दोस्तों के साथ पार्टी करने और हल्की-फुल्की ड्रिंक करने के लिए प्रेरित किया। यह सब मेरे लिए नया था और इसी दौरान मुझे पहली बार अपने माता-पिता की डांट भी सुननी पड़ी।''
एक मजेदार किस्सा साझा करते हुए प्राजक्ता ने कहा कि एक बार वह रात को पार्टी से देर से लौटीं और थोड़ी नशे में थीं। सुबह उठने पर उन्हें डर था कि अब उन्हें डांट पड़ेगी। डरते-डरते वह अपने माता-पिता के पास गईं और कहा कि सॉरी, ऐसा दोबारा नहीं होगा। उनकी मां ने थोड़ी नाराजगी दिखाई, लेकिन पिता का रिएक्शन अलग था।
प्राजक्ता के अनुसार, ''पिता ने मजाक में कहा कि 'ठीक है, दो बार और नशे में आ सकती हो, उसके बाद बात करेंगे।' यह सुनकर मैं हैरान और सहज दोनों हुई। इसके बाद उन्होंने हंसते हुए कहा कि उन्हें अच्छा लगा कि उनकी बेटी ने आखिरकार कुछ टीनएजर्स जैसा किया, जो उसने बचपन में कभी नहीं किया था।''
प्राजक्ता ने कहा कि यह अनुभव उनके लिए यादगार और हास्यास्पद था। इससे उन्हें यह एहसास हुआ कि उनके माता-पिता हमेशा उनकी सोच से ज्यादा खुले विचारों वाले रहे हैं।
वर्तमान में, प्राजक्ता अपने नए शो 'सिंगल पापा' को लेकर चर्चा में हैं, जो जल्द ही नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।