प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 'आशीर्वाद का दीया' गाने का खास तोहफा!
प्रधानमंत्री मोदी का 76वां जन्मदिन
नई दिल्ली, 17 सितंबर। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनके जन्मदिन के अवसर पर 'आशीर्वाद का दीया' नामक एक अभियान की शुरुआत की है। इसी क्रम में संगीतकार अमन पंत ने प्रधानमंत्री को एक विशेष गाना समर्पित किया है। 'आशीर्वाद का दीया' गाना प्रधानमंत्री को इतना पसंद आया कि उन्होंने कहा कि यह गाना उनके दिल को गहराई से छू गया है।
अमन पंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गाना साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने नरेंद्र मोदी को कई वर्षों से देश की सेवा करते हुए देखा है। उन्होंने कहा, 'हमने नरेंद्र मोदी को कई सालों से देश की सेवा और काम करते हुए देखा है। हमारी टीम लंबे समय से उन्हें कुछ खास समर्पित करना चाहती थी और आज हमें वह मौका मिला है। यह गाना 'आशीर्वाद का दीया' इस महान देश के लिए उनकी 25 साल की सेवा को हमारा सम्मान है। जन्मदिन मुबारक हो, माननीय प्रधानमंत्री जी। 17 सितंबर को हम आपके लिए एक दीया जला रहे हैं।'
प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस गाने को अपने सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने लिखा, 'कुछ अंदाज बहुत खास होते हैं। 'आशीर्वाद का दीया' प्यार का एक ऐसा ही इजहार है जिसने मेरे दिल को गहराई से छू लिया है। हर आशीर्वाद हमारे प्यारे भारत की और भी ज्यादा निष्ठा के साथ सेवा करने के मेरे संकल्प को मजबूत करता है।'
भाजपा ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए हैं। पार्टी का 'सेवा संकल्प अभियान' 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के तहत गुजरात के वडनगर और उत्तर प्रदेश के वाराणसी से सेवा संकल्प बाइक यात्राएं भी शुरू की गई हैं। वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है जबकि वाराणसी उनका लोकसभा क्षेत्र है। दोनों यात्राएं 17 सितंबर को शुरू होकर 7 अक्टूबर को समाप्त होने की योजना है।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। वह उज्जैन के रामघाट पर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में भाग लेने वाले हैं। इसके साथ ही वहां भजन संध्या का आयोजन भी किया गया है। पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन उज्जैन पहुंचकर रामघाट पर दीया जलाएंगे।