×

निमरत कौर ने श्रावण शिवरात्रि पर गंगेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा, जानें खास बातें

अभिनेत्री निमरत कौर ने श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर गंगेश्वर महादेव मंदिर में पूजा की और अपने फैंस को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं, जिसमें वह पारंपरिक वेशभूषा में नजर आ रही हैं। इस मंदिर की विशेषता समुद्र की लहरों द्वारा शिवलिंगों का जलाभिषेक है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, ये शिवलिंग पांडवों द्वारा स्थापित किए गए थे। निमरत जल्द ही फिल्म 'सेक्शन 84' में अमिताभ बच्चन के साथ नजर आएंगी।
 

निमरत कौर का गंगेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन




मुंबई, 11 अगस्त। अभिनेत्री निमरत कौर ने मंगलवार को अपने फैंस को श्रावण शिवरात्रि की बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कीं।


इन तस्वीरों में वह दीव शहर से तीन किलोमीटर दूर फुदम गांव में स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर में भगवान का आशीर्वाद लेती नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने पारंपरिक परिधान में मंदिर में पूजा की।


तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, "महादेव का दिव्य आशीर्वाद हमारी सभी समस्याओं को दूर करे और हमें आंतरिक शक्ति प्रदान करे। सभी को श्रावण शिवरात्रि की शुभकामनाएं। नमः पार्वतीपतये हर हर महादेव॥"


गंगेश्वर महादेव मंदिर एक प्राचीन और प्रसिद्ध शिव मंदिर है, जो अरब सागर के तट पर स्थित है। इसकी खासियत यह है कि यहां समुद्र की लहरें प्राकृतिक रूप से चट्टानों के बीच बने पांच शिवलिंगों का जलाभिषेक करती हैं।


पौराणिक कथाओं के अनुसार, ये शिवलिंग महाभारत काल में पांडवों द्वारा स्थापित किए गए थे। यहां के शिवलिंग अलग-अलग आकार के हैं, और सबसे बड़ा शिवलिंग भीम का माना जाता है।


निमरत कौर की बात करें तो, उन्होंने 'द फैमिली मैन' के तीसरे सीजन में अपनी बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों का ध्यान खींचा। अब वह कोर्टरूम ड्रामा-थ्रिलर फिल्म 'सेक्शन 84' में नजर आएंगी।


इस फिल्म का निर्देशन रिभु दासगुप्ता ने किया है, और इसमें वह बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन के साथ काम कर रही हैं। उनके किरदार का नाम 'जोया' है, और इसमें डायना पेंटी और अभिषेक बनर्जी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।


फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और इसकी रिलीज नवंबर 2026 में होने की उम्मीद है, हालांकि निर्माताओं ने अभी तक कोई निश्चित तारीख की घोषणा नहीं की है।