दीपावली पर पटाखों से दूरी बनाने की अपील करतीं अभिनेत्री मधु
दीपावली का त्योहार और मधु की अपील
मुंबई, 28 अक्टूबर। अभिनेत्री मधु ने दीपावली के अवसर पर लोगों से अनुरोध किया है कि वे इस त्योहार को बिना पटाखों के मनाएं। उनका कहना है कि पटाखों से उत्पन्न वायु और ध्वनि प्रदूषण न केवल मानव स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है, बल्कि पालतू जानवर भी तेज आवाज से भयभीत हो जाते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पटाखों से दूर रहना लोगों के लिए आसान नहीं है, क्योंकि दीपावली से जुड़ी उनकी कई प्यारी यादें हैं।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में, मधु ने दीपावली से जुड़ी अपनी यादों का जिक्र किया और इस साल त्योहार को खास बनाने वाले क्षणों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा, ''इस बार दीपावली के समय मेरे बच्चों का जन्मदिन भी है, इसलिए यह समय हमारे परिवार के लिए और भी खास है। मेरे लिए दीपावली पर पटाखे जलाना हमेशा से त्योहार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। मैं अपने कजिन्स के साथ पटाखों को लेकर प्रतिस्पर्धा करती थी और दिखाती थी कि कौन कितना साहसी है। मैं हाथ में पटाखों की लड़ियां लेकर दौड़ती थी और उस समय मुझे अपने पैरों में चोट लगने की चिंता नहीं होती थी।''
मधु ने आगे कहा, ''जब मैं आज लोगों से पटाखे न जलाने की अपील करती हूं, तो मुझे ऐसा लगता है कि मैं अपने बचपन की खूबसूरत यादों को छोड़ रही हूं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए, पटाखों से दूरी बनाना आवश्यक है। शहर में वायु प्रदूषण की समस्या गंभीर है और पटाखों से यह और बढ़ सकता है। कई लोग सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में हमें त्योहार मनाते समय उन लोगों का भी ध्यान रखना चाहिए, जिन्हें खराब हवा से परेशानी हो सकती है। दीपावली खुशियों का त्योहार है, और इसे मनाते समय दूसरों की सेहत का ख्याल रखना हमारी जिम्मेदारी है।''
मधु ने ध्वनि प्रदूषण के मुद्दे पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, ''पटाखों की तेज आवाज लोगों को परेशान करती है और इसका प्रभाव पालतू जानवरों पर भी पड़ता है। खासकर कुत्ते तेज आवाज से घबरा जाते हैं। वे डर के मारे इधर-उधर भागने लगते हैं और कई बार उन्हें संभालना मुश्किल हो जाता है। मैं पालतू जानवरों के मालिकों से भी अपील करती हूं कि वे अपने जानवरों की परेशानी को समझें और पटाखों के शोर को कम करने में मदद करें।''
उन्होंने यह भी कहा, ''दीपावली मनाने के लिए पटाखे जलाना आवश्यक नहीं है। लोग रंग-बिरंगे कपड़े पहनकर, दोस्तों और परिवार के साथ मिलकर, उन्हें गले लगाकर और मिठाइयां बांटकर भी त्योहार की खुशियां मना सकते हैं। दीपावली का असली उद्देश्य प्यार, खुशी और अपनापन बांटना है, इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारी खुशियों से किसी और को परेशानी न हो।''