दिव्यांका त्रिपाठी ने गर्भावस्था के अनुभवों को साझा किया, मां-बच्चे के रिश्ते की अनोखी कहानी
दिव्यांका त्रिपाठी का गर्भावस्था का अनुभव
मुंबई, 1 अप्रैल। टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी दहिया अपने फैंस के साथ गर्भावस्था के अनुभव साझा करने में लगी हुई हैं। हाल ही में, उन्होंने अपने यूट्यूब व्लॉग पर एक भावुक अनुभव साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अपने बच्चे के साथ पहली बार जुड़ाव महसूस किया।
दिव्यांका ने कहा कि अब उन्हें यह स्पष्ट रूप से महसूस होने लगा है कि उनका बच्चा उनकी बातों पर प्रतिक्रिया दे रहा है।
यूट्यूब वीडियो में दिव्यांका ने बताया, ''एक दिन मैं बहुत थकी हुई थी और आराम करने के लिए लेट गई। तभी अचानक मुझे अपने पेट में बच्चे की हलचल महसूस हुई। शुरुआत में यह सामान्य लगा, लेकिन धीरे-धीरे बच्चे की किक बढ़ने लगी, जिससे मुझे एहसास हुआ कि बच्चा काफी सक्रिय हो गया है।''
उन्होंने आगे कहा, ''मैंने अपने बच्चे से बात करने की कोशिश की। मैंने पूछा, 'क्या हुआ? क्या अंदर कुछ चल रहा है? या तुम स्किपिंग या जंपिंग जैक कर रहे हो?''
इसके बाद, दिव्यांका ने एक और दिलचस्प तरीका अपनाया। उन्होंने बच्चे से पूछा, ''क्या तुम कोई कविता सुनना चाहोगे?'' फिर उन्होंने अपने बचपन में सीखी हुई एक प्यारी कविता गाकर सुनाई। आश्चर्य की बात यह थी कि जो बच्चा पिछले आधे घंटे से लगातार किक कर रहा था, वह अचानक शांत हो गया।''
इस अनुभव को साझा करते हुए दिव्यांका ने कहा कि अब उन्हें ऐसा लगता है कि उनका बच्चा उनकी आवाज पहचानने लगा है और उनके साथ जुड़ाव महसूस कर रहा है। उन्होंने इसे 'इंटरएक्टिव' अनुभव बताया, जिसमें उन्हें यह एहसास हुआ कि मां और बच्चे के बीच का रिश्ता जन्म से पहले ही बनना शुरू हो जाता है।
दिव्यांका अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान अपनी सेहत का भी पूरा ध्यान रख रही हैं। उन्होंने अपने व्लॉग में बताया कि डॉक्टर ने उन्हें टहलने की सलाह दी है, इसलिए वह रोजाना 30 से 45 मिनट टहलती हैं।
गौरतलब है कि दिव्यांका की शादी टीवी अभिनेता विवेक दहिया से हुई है। दोनों की जोड़ी टीवी इंडस्ट्री की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक मानी जाती है। शादी के 10 साल बाद जब उन्होंने अपनी पहली प्रेग्नेंसी की खबर साझा की, तो फैंस ने उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। अब उनका यह नया अनुभव सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।