तमिलनाडु चुनाव में विजय की जीत पर साउथ के सितारों की बधाई: क्या है विजय का अगला कदम?
साउथ सिनेमा के सितारों ने विजय को दी बधाई
चेन्नई, 4 मई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता और राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के कई प्रमुख सितारों ने बधाई दी। एआर रहमान, विक्रम, विजय देवरकोंडा, शिवकार्तिकेयन, काजल अग्रवाल और राम पोथिनेनी जैसे कलाकारों ने सोशल मीडिया पर विजय को शुभकामनाएं भेजी।
इन सितारों ने विजय को न केवल चुनावी सफलता के लिए बधाई दी, बल्कि तमिलनाडु में सकारात्मक राजनीति की नई शुरुआत की उम्मीद भी जताई।
एआर रहमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "तमिलगा वेट्री कझगम को हार्दिक बधाई! प्रिय विजय, मेरी कामना है कि आप भ्रष्टाचार मुक्त, सामाजिक न्याय और समानता वाली राजनीति के साथ तमिलनाडु को आगे बढ़ाएं। चेन्नई को कला और समृद्धि से भरा शहर बनाने का आपका सपना पूरा हो।"
विक्रम ने इंस्टाग्राम पर विजय के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "बधाई हो विजय, आज तुमने इतिहास रच दिया।"
विजय देवरकोंडा ने एक्स पर लिखा, "अब एक नया युग शुरू हो चुका है। विजय गारू को बधाई। तमिलनाडु के लोगों को बधाई, जिन्होंने बड़े पैमाने पर वोट देकर अपना पक्ष चुना। नए मुख्यमंत्री और तमिलनाडु की जनता के लिए समृद्धि और विकास की कामना करता हूं।"
राम पोथिनेनी ने कहा, "कभी-कभी सिर्फ मजबूती से खड़े रहना पड़ता है। विजय गारू और तमिलनाडु की जनता को बहुत बधाई। नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं।"
शिवकार्तिकेयन ने लिखा, "विजय सर को दिल से बधाई। आपने लोगों के बीच गहरा प्रभाव बनाया और पहला चुनाव जीत लिया। फिल्म इंडस्ट्री से आने वाले व्यक्ति के रूप में लोगों की सेवा के लिए आपको शुभकामनाएं।"
काजल अग्रवाल ने कहा, "आज जनता ने पूरे विश्वास के साथ आपके संकल्प को दोहराया है। इस शानदार जीत के लिए विजय आपको बधाई। यह आपके विजन और लोगों के प्यार का प्रमाण है।"