जैकी श्रॉफ ने प्यारेलाल और शक्ति कपूर को जन्मदिन की बधाई, सोशल मीडिया पर किया खास जश्न
जैकी श्रॉफ का जन्मदिन पर खास संदेश
मुंबई, 3 सितंबर। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल और अभिनेता शक्ति कपूर को उनके जन्मदिन पर विशेष शुभकामनाएं दीं। जैकी ने सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें साझा करते हुए उनके लिए एक दिल को छू लेने वाला संदेश लिखा। उन्होंने प्यारेलाल के प्रति सम्मान व्यक्त किया और शक्ति कपूर के लिए खुशियों से भरी जिंदगी की कामना की।
जैकी ने सबसे पहले प्रसिद्ध संगीतकार प्यारेलाल को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने प्यारे लाल की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह वायलिन बजाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ जैकी ने लता मंगेशकर और मुकेश की आवाज में फिल्म 'शोर' का प्रसिद्ध गाना 'एक प्यार का नगमा है' भी जोड़ा। यह गाना लक्ष्मीकांत-प्यारे लाल की जोड़ी के सबसे यादगार गानों में से एक है। जैकी ने लिखा, 'मेरे मन में प्यारेलाल के लिए हमेशा सम्मान रहेगा।'
प्यारेलाल का जन्म 3 सितंबर 1940 को हुआ था और वह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रसिद्ध संगीतकारों में से एक माने जाते हैं। उन्हें खासतौर पर लक्ष्मीकांत-प्यारे लाल की जोड़ी के लिए जाना जाता है। इस जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने दिए हैं।
लक्ष्मीकांत-प्यारे लाल की जोड़ी ने कई प्रमुख फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया, जिनमें 'शोर' का 'एक प्यार का नगमा है', 'सरगम' का 'ढपली वाले ढपली बजा', और 'अमर अकबर एंथनी' का 'पर्दा है पर्दा' शामिल हैं। इसके अलावा, 'क्रांति' का 'जिंदगी की ना टूटे लड़ी' और 'तेजाब' का 'सो गया ये जहां' भी इस जोड़ी के लोकप्रिय गानों में से हैं।
प्यारेलाल के योगदान को देखते हुए उन्हें 2024 में पद्म भूषण जैसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उनके संगीत के क्षेत्र में लंबे योगदान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
इसके बाद, जैकी श्रॉफ ने अभिनेता शक्ति कपूर को भी जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शक्ति कपूर की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह ब्लैक सूट में बेहद स्टाइलिश नजर आ रहे हैं। जैकी ने लिखा, 'आपकी जिंदगी में हमेशा खुशियां बनी रहें।'
शक्ति कपूर हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में से हैं, जिन्होंने चार दशकों से अधिक समय तक फिल्मों में काम किया है। उन्होंने न केवल नकारात्मक भूमिकाएं निभाई हैं, बल्कि कॉमेडी में भी अपनी पहचान बनाई है। 'अंदाज अपना अपना', 'राजा बाबू', और 'कुली नंबर 1' जैसी फिल्मों में उनकी कॉमेडी ने दर्शकों का दिल जीता है।