जीनत अमान ने खोली अपनी असली पहचान, ग्लैमर से परे एक नई कहानी
जीनत अमान की निजी जिंदगी का सच
मुंबई, 28 अक्टूबर। जीनत अमान, जो बॉलीवुड में 'ग्लैमर आइकन' के नाम से मशहूर हैं, ने हाल ही में अपनी पब्लिक इमेज और निजी व्यक्तित्व के बीच के अंतर को उजागर किया।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरों के साथ एक विस्तृत नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने करियर में 'ग्लैमर आइकन' की उपाधि पर खुलकर चर्चा की। जीनत ने लिखा, "फिल्म इंडस्ट्री में मुझे एक ग्लैमरस स्टार के रूप में देखा गया। यह एक ऐसी छवि थी जो सिनेमा के साथ जुड़ी हुई थी, और मैंने इसे स्वीकार किया। लेकिन, अपने लंबे करियर में, मैंने काम को पूरी ईमानदारी से किया, जबकि कैमरे के पीछे मैं एक अलग इंसान थी। मैं स्वभाव से प्राइवेट, थोड़ी शर्मीली और अपने काम में खुश रहने वाली थी।"
उन्होंने आगे कहा, "जिंदगी ने मुझे यह सिखाया है कि लोग हमारी असली पहचान को देखना पसंद नहीं करते। वे हमें अनुभवों और उम्मीदों के नजरिए से देखते हैं। किसी के लिए हम रहस्यमयी हो सकते हैं, जबकि दूसरे के लिए हम डरावने।"
जीनत ने अपने ग्लैमरस इमेज को स्वीकार करते हुए कहा कि वह अब किसी धारणा को बदलने की कोशिश नहीं करना चाहतीं। उन्होंने लिखा, "लोगों को अपने नजरिए से हमें देखने का हक है, जैसे हमें अपनी सच्चाई के साथ जीने का हक है।"
अभिनेत्री ने अपने फैंस से यह सवाल भी किया कि क्या उनकी भी किसी के सामने ऐसी ही छवि बनी है। उन्होंने पूछा, "क्या कभी आपको पता चला है कि किसी ने आपके बारे में गलत सोच रखा है? मुझे आपकी कहानी सुनकर अच्छा लगेगा।"