क्या है हर्षवर्धन राणे का नया शौक? जानें जंगल में बिताए सुकून भरे पल
हर्षवर्धन राणे का फोटोग्राफी का शौक
मुंबई, 31 मार्च। अभिनेता हर्षवर्धन राणे अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद अपने शौक को पूरा करने में पीछे नहीं हटते। वर्तमान में, वह एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'फोर्स-3' की शूटिंग में व्यस्त हैं, लेकिन इस बीच उन्होंने फोटोग्राफी के अपने शौक को जीवित रखते हुए जंगल की ओर रुख किया।
हाल ही में, अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह जंगल के बीच कैमरा लिए खड़े हैं और अपनी वैन पर आराम करते हुए नजर आ रहे हैं।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, "मैं हमेशा से चाहता था कि कहीं दूर, सूनसान जगह पर एक वैन और कैमरे के साथ रहूं।"
उनकी इस पोस्ट को फैंस ने काफी सराहा है और कमेंट सेक्शन में विभिन्न प्रतिक्रियाएं दी हैं।
हर्षवर्धन न केवल एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, बल्कि फोटोग्राफी के भी शौकीन हैं। वह अक्सर अपनी यात्राओं और प्रकृति की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।
जल्द ही, वह जॉन अब्राहम की लोकप्रिय एक्शन-थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'फोर्स-3' में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन भाव धूलिया कर रहे हैं, जिसमें हर्षवर्धन राणे और तान्या मणिकतला मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसमें शानदार एक्शन देखने को मिलेगा, जिसमें कुछ दृश्य गुजरात में फिल्माए गए हैं।
फिल्म में जॉन अब्राहम (एसीपी यशवर्धन), हर्षवर्धन राणे, तान्या मणिकतला, और मीनाक्षी चौधरी जैसे कलाकार शामिल हैं। यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।
फोर्स सीरीज की शुरुआत 2011 में हुई थी, जो निशिकांत कामत द्वारा निर्देशित एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म थी। इसमें जॉन अब्राहम ने एक सख्त नारकोटिक्स ऑफिसर की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, जिसके बाद 2016 में इसका सीक्वल आया। अब, लंबे समय बाद फोर्स 3 वापसी कर रही है।