क्या है मिस्टर फैजू का सपना? फराह खान के साथ साझा की दिल की बातें
फराह खान का नया व्लॉग: मिस्टर फैजू के साथ मस्ती
मुंबई, 16 मार्च। बॉलीवुड की प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक, कोरियोग्राफर, निर्माता और अभिनेत्री फराह खान अपने यूट्यूब चैनल और व्लॉग्स के लिए हमेशा चर्चा में रहती हैं। उनके वीडियो में दर्शकों को उनके कुक दिलीप कुमार के साथ की मस्ती और उनके बीच का खास रिश्ता बहुत भाता है।
फराह के वीडियो में मशहूर हस्तियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ उनकी अनफिल्टर्ड बातचीत और विभिन्न डिश की रेसिपी भी दर्शकों को आकर्षित करती हैं। यही कारण है कि उनके वीडियो पर लाखों व्यूज आते हैं।
हाल ही में, फराह ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, मॉडल, डांसर और अभिनेता फैसल शेख, जिन्हें लोग मिस्टर फैजू के नाम से जानते हैं, के घर पर गई हैं।
इस वीडियो में फैजू के स्टाइलिश घर, उनके लग्जरी जूतों, घड़ियों और परफ्यूम के संग्रह को दर्शाया गया है। फराह वीडियो में फैजू के परिवार और उनकी मां से मिलकर मजेदार बातचीत करती नजर आ रही हैं।
इस वीडियो में फैजू की प्रेरणादायक यात्रा और 'द 50' शो के रोमांचक क्षणों के बारे में भी जानकारी दी गई है। बातचीत के दौरान, फराह ने बताया कि उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर पहले वीडियो में फैजू, दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम के साथ शूट किया था, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया।
फैजू ने फराह से बातचीत में बताया कि उनका सपना हमेशा खुश रहना था, लेकिन फैंस ने उन्हें धीरे-धीरे स्टार बना दिया। वीडियो में फैजू की कुकिंग स्किल्स और कई मजेदार बातें भी साझा की गई हैं।
गौरतलब है कि मिस्टर फैजू ने अपनी पहचान टिकटॉक से बनाई थी। वह 'टीम 07' के साथ वीडियो बनाकर प्रसिद्ध हुए। वर्तमान में, फैजू 1 फरवरी से कलर्स टीवी और जियो सिनेमा/हॉटस्टार पर प्रसारित हो रहे नए रियलिटी शो 'द 50' में एक प्रतिभागी के रूप में दिखाई दे रहे हैं। इससे पहले, उन्होंने 'खतरों के खिलाड़ी', 'झलक दिखला जा' और 'लाफ्टर शेफ' जैसे लोकप्रिय रियलिटी शो में भी भाग लिया है।