क्या है 'ऑपरेशन सिंदूर' की कहानी? विवेक रंजन ने सेना को किया सलाम
विवेक रंजन अग्निहोत्री का सेना को सलाम
मुंबई, 7 मई। फिल्म निर्माता और निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने सशस्त्र बलों के साहस को सराहा और कहा, "एक साल पहले, भारत ने दुनिया को यह दिखाया कि शांति हमारी पहचान है, लेकिन चुप्पी हमारी कमजोरी नहीं है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए, उन्होंने कहा कि उस महत्वपूर्ण क्षण में पूरा देश एकजुट था। विवेक ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, "मैं आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, हमारी बहादुर सेना के साहस और हर उस भारतीय की भावना को नमन करता हूं, जो उस राष्ट्रीय संकल्प के क्षण में एकजुट होकर खड़े रहे।"
उन्होंने जोर देकर कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' की सच्ची कहानी को पूरी ताकत और सच्चाई के साथ प्रस्तुत किया जाना चाहिए। विवेक ने कहा, "हमारी सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यह होगी कि हम इस कहानी को दुनिया के सामने लाएं, ताकि यह याद रहे कि किस चीज की रक्षा की गई और किस चीज का बलिदान दिया गया।"
विवेक ने कहा, "इतिहास युद्धों को याद रखता है, जबकि सभ्यताएं साहस को। भारतीय सेना ने इस ऑपरेशन में जो साहस दिखाया, वह राष्ट्र की गरिमा और सुरक्षा का प्रतीक है।"
उन्होंने यह भी बताया कि वह भूषण कुमार के साथ एक नए प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, जिसमें 'ऑपरेशन सिंदूर' फिल्म बनाई जाएगी। यह फिल्म लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. 'टाइनी' ढिल्लों की किताब 'ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान' पर आधारित है।