क्या है एकम बावा के आरोपों के पीछे की सच्चाई? रीति तिवारी की टीम ने दी प्रतिक्रिया
रीति तिवारी के परिवार पर लगे गंभीर आरोप
मुंबई, 28 सितंबर। 'बिग बॉस 20' की प्रतियोगी रीति तिवारी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं, लेकिन इस बार उनकी चर्चा उनके परिवार से जुड़े विवाद के कारण हो रही है। पंजाबी गायक एकम बावा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा कर रीति और उनकी मां रानी तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
एकम ने खुद को रीति का पूर्व-स्टेपफादर बताते हुए रानी के साथ अपने रिश्ते और शादी का दावा किया है। इन आरोपों पर रीति तिवारी की टीम ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
रीति की टीम ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी करते हुए एकम बावा के दावों को झूठा करार दिया और कहा कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
टीम ने कहा, ''हम एकम बावा द्वारा रीति और उनके परिवार के खिलाफ किए गए झूठे दावों से निराश हैं। रीति वर्तमान में 'बिग बॉस 20' के घर में हैं और इस समय खुद इन आरोपों का जवाब नहीं दे सकतीं। हम मीडिया से अनुरोध करते हैं कि ऐसे बदनाम करने वाले दावों को बढ़ाने से पहले तथ्यों की पुष्टि करें और परिवार को अपनी बात कहने का अवसर दें। इन आरोपों के संबंध में एकम बावा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।''
पिछले कुछ दिनों से एकम बावा लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने दावा किया कि वह 2020 से 2022 तक रानी तिवारी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहे और 18 फरवरी 2022 को शादी की।
एकम ने अपने वीडियो में रानी और रीति के साथ तस्वीरें भी साझा की थीं, जिन्हें उन्होंने अपने दावों के सबूत के रूप में प्रस्तुत किया।
इसके अलावा, एकम ने मानसिक प्रताड़ना और धमकियों का सामना करने का आरोप लगाया है। उन्होंने रानी तिवारी पर मारपीट करने का भी दावा किया और कहा कि उनके पास इसका वीडियो भी है। इस प्रताड़ना के कारण उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की थी और उन्हें अस्पताल में 12-13 दिन बिताने पड़े।
एकम का कहना है कि उस कठिन समय में रानी और रीति ने उनकी कोई खबर नहीं ली, जबकि उनके दोस्त उनके साथ खड़े रहे।
उन्होंने अपने करियर के बारे में भी रानी पर आरोप लगाए, यह कहते हुए कि उन्हें अपने गाने और करियर से जुड़े फैसले लेने से रोका जाता था। इस कारण उनका करियर प्रभावित हुआ और वह कई महीनों तक अपने कमरे में बंद रहे। तलाक की बात करने पर कथित तौर पर उनके नंबर भी ब्लॉक कर दिए गए।