×

क्या है 'इश्क दम और इडली रसम' की कहानी? जानें सुरभि चंदना की नई वेब सीरीज के बारे में!

सुरभि चंदना की नई वेब सीरीज 'इश्क दम और इडली रसम' एक दिलचस्प कहानी है जो परिवार, प्यार और सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाती है। इस शो में मीरा नायर का किरदार निभाने वाली शाइनी दोशी और अर्जुन ठाकुर का किरदार निभाने वाले अभिषेक कुमार की कहानी दर्शकों को एक पुराने दक्षिण भारतीय रेस्टोरेंट की भावनात्मक यात्रा पर ले जाएगी। जानें इस शो के बारे में और इसकी रिलीज की तारीख!
 

सुरभि चंदना की नई वेब सीरीज का जश्न




मुंबई, 8 मई। अभिनेत्री सुरभि चंदना अपनी नई वेब सीरीज 'इश्क दम और इडली रसम' को लेकर बेहद उत्साहित हैं। खास बात यह है कि उन्होंने इस सीरीज को सह-निर्माण भी किया है। सुरभि ने इस आगामी प्रोजेक्ट को परिवार, प्यार, भावनाओं और सांस्कृतिक धरोहर का जश्न मनाने वाली एक दिलचस्प कहानी बताया है।


बालाजी टेलीफिल्म्स द्वारा निर्मित यह शो दर्शकों को एक पुराने दक्षिण भारतीय रेस्टोरेंट की भावनात्मक कहानी के माध्यम से खाने की खुशबू, यादों और रिश्तों की गहराई का अनुभव कराएगा। कहानी एक पुराने रेस्टोरेंट के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पहचान बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहा है। इस सीरीज की मुख्य पात्र मीरा नायर हैं, जिनका किरदार शाइनी दोशी ने निभाया है। मीरा एक भावुक शेफ हैं, जो मानती हैं कि खाना केवल भोजन नहीं, बल्कि सेवा, सुकून और जिम्मेदारी का प्रतीक है। अपने दिवंगत पिता की विरासत को संभालते हुए, वह रेस्टोरेंट को सिर्फ एक व्यवसाय नहीं, बल्कि अपने मूल्यों और भावनाओं का हिस्सा मानती हैं।


कहानी में अभिषेक कुमार द्वारा निभाए गए अर्जुन ठाकुर का किरदार भी महत्वपूर्ण है, जो एक शेफ और निवेशक हैं। जब वह मीरा के रेस्टोरेंट में आते हैं, तो मीरा की दुनिया में हलचल मच जाती है। अर्जुन रेस्टोरेंट को फिर से खड़ा करने का वादा करते हैं, लेकिन इसके साथ ही मीरा की उन चीजों को बदलने का खतरा भी पैदा करते हैं जो उनके दिल के करीब हैं।


सुरभि ने इसे अपने करियर का एक नया अध्याय बताया और कहा कि वह आगे बढ़ते रहना चाहती हैं। उन्होंने कहा, “‘इश्क दम और इडली रसम’ के साथ काम करना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। यह शो मेरे लिए बहुत खास है क्योंकि इसमें दिल, अपनापन और सादगी की भरपूरता है। इस प्रोजेक्ट से मेरा गहरा जुड़ाव रहा है। कैमरे के पीछे की क्रिएटिव यात्रा का हिस्सा बनना और कहानी से भावनात्मक रूप से जुड़ना मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव रहा है। यह शो प्यार, परिवार, भावनाओं और संस्कृति का ताजगी भरे अंदाज में जश्न मनाता है।”


अभिषेक कुमार ने अपने किरदार अर्जुन ठाकुर के बारे में कहा, “यह कोई साधारण प्रेम कहानी या शेफ ड्रामा नहीं है। यहां खाना लोगों की भावनाओं, नियंत्रण और अतीत को समझने का माध्यम है। अर्जुन उन सबसे चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक है जिन्हें मैंने निभाया है। यह किरदार गंभीर, नियंत्रित और भावनाओं को छुपाने वाला है। इस शो के जरिए मुझे एक अभिनेता के रूप में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।”


इस शो में शाइनी दोशी, अभिषेक कुमार के अलावा नेहा लक्ष्मी अय्यर, अमन सिंह, प्रेरणा सहगल, विजया लक्ष्मी गुरव और करण खन्ना भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। बालाजी टेलीफिल्म्स द्वारा निर्मित और फील गुड स्टूडियोज की सुरभि चंदना द्वारा कार्यकारी प्रोड्यूस किया गया 'इश्क दम और इडली रसम' 11 मई को यूट्यूब पर स्ट्रीम होगा।