×

क्या है 'अल्फा मेल' का असली मतलब? सबा आजाद ने उठाए सवाल

अभिनेत्री सबा आजाद ने 'अल्फा मेल' की अवधारणा पर सवाल उठाते हुए इसे पितृसत्ता का एक उत्पाद बताया है। उन्होंने कहा कि यह शब्द पुरानी सोच को बनाए रखने के लिए गढ़ा गया है। सबा ने महिलाओं की आजादी और उनके काम करने के अधिकार पर भी चर्चा की। जल्द ही वे वेब सीरीज “हूज योर गाइनेक?” के दूसरे सीजन में नजर आएंगी। जानें उनके विचार और आगामी प्रोजेक्ट के बारे में।
 

सबा आजाद का पितृसत्ता पर सवाल

मुंबई, 16 मई। अभिनेत्री सबा आजाद ने 'अल्फा मेल' की परिभाषा पर सवाल उठाते हुए इसे पितृसत्ता का एक उत्पाद बताया है। उनका कहना है कि यह शब्द पुरानी सोच को बनाए रखने के लिए गढ़ा गया है, इसलिए वह इसे स्वीकार नहीं करतीं।

सबा ने एक विशेष बातचीत में कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मुझे 'अल्फा मेल' का विचार समझ में नहीं आता। यह एक ऐसा शब्द है जो पितृसत्ता द्वारा निर्मित है ताकि पुरानी सोच को जीवित रखा जा सके। मैं इसे मानने के लिए तैयार नहीं हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि उनके परिवार और दोस्तों में कई अच्छे पुरुष हैं, लेकिन फिर भी उन्हें 'अल्फा' शब्द का सही अर्थ नहीं समझ आता। सबा ने यह भी कहा कि कमजोरी को 'कम मर्दाना' मानने का दृष्टिकोण पुराना और गलत है।

सबा का मानना है कि भारत के कई हिस्सों में आज भी महिलाओं को स्वतंत्रता से काम करने या अपने निर्णय लेने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि भले ही शहरी क्षेत्रों में यह स्थिति कम दिखाई दे, लेकिन यह वास्तविकता अभी भी मौजूद है। इसलिए महिलाओं को अक्सर घर और बाहर दोनों जगह खुद को साबित करना पड़ता है। यदि वे काम करती हैं, तो उन पर सवाल उठाए जाते हैं, और यदि नहीं करतीं, तो उन्हें जज किया जाता है।

सबा जल्द ही वेब सीरीज “हूज योर गाइनेक?” के दूसरे सीजन में डॉ. विधुशी कोठारी के किरदार में लौटने वाली हैं। बातचीत के दौरान, जब उनसे पूछा गया कि क्या सफल शो के बाद एक्टर्स की जिम्मेदारी बढ़ जाती है, तो उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि सभी की जिम्मेदारी समान होती है। हम जो करते हैं, वह एक बड़े प्रोजेक्ट का केवल एक छोटा हिस्सा है।”

सबा ने लेखकों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें कहानी को आगे बढ़ाने के साथ-साथ उसमें एकरूपता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब शो सफल होता है, तो दर्शकों की उम्मीदें बढ़ जाती हैं। ऐसे में एक्टर्स को अपने किरदार में वही ईमानदारी और गुण दिखाने चाहिए, जिन्हें दर्शकों ने पहले सीजन में पसंद किया था।