क्या हिमांशी खुराना के आरोपों पर असीम रियाज का समर्थन कर रहे हैं अरहान खान?
अरहान खान का हिमांशी खुराना के आरोपों पर बयान
मुंबई, 16 सितंबर। पंजाबी अभिनेत्री हिमांशी खुराना ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में खुलासा किया कि उन पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला गया था। इस पर उनके साथी बिग बॉस-13 के प्रतियोगी अरहान खान ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
अरहान ने बातचीत में हिमांशी के पूर्व प्रेमी और बिग बॉस-13 के साथी असीम रियाज का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास नहीं है कि असीम ऐसा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि किसने किसका धर्म बदलने की कोशिश की, क्योंकि मैंने इस बारे में असीम या हिमांशी से बात नहीं की है। हमें ऐसी बातों से दूर रहना चाहिए और इन पर चर्चा नहीं करनी चाहिए, क्योंकि हमें सच्चाई का पता नहीं है। हिमांशी ने पॉडकास्ट में एक अलग संदर्भ में कुछ कहा था, जिसे उन्होंने बाद में स्पष्ट किया।"
अरहान ने आगे कहा, "मुझे नहीं लगता कि असीम ऐसा कर सकते हैं। अगर आप मुझसे कहेंगे कि असीम ने किसी को थप्पड़ मारा, तो मैं मान लूंगा। लेकिन अगर आप मुझसे कहेंगे कि असीम ने धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला है, तो यह मानना मुश्किल है, क्योंकि मैं उसे जानता हूं और वह इतनी छोटी सोच वाला इंसान नहीं है।"
उन्होंने इस मामले को यहीं समाप्त करने की अपील की और कहा, "इस बात को बेवजह बढ़ाने की जरूरत नहीं है। जो भी इस मामले में शामिल है, कृपया इसे खत्म करें।"
गौरतलब है कि हिमांशी खुराना हाल ही में पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में गई थीं, जहां उन्होंने असीम का नाम लिए बिना अपने पूर्व संबंधों के बारे में खुलकर चर्चा की।
इस बातचीत में उन्होंने बताया कि कैसे धर्म के मतभेदों ने उनके रिश्ते को प्रभावित किया और आरोप लगाया कि उनके पूर्व साथी ने उनसे अपने धर्म के बारे में बात की थी और चाहते थे कि वह उसे अपनाएं। उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं करना चाहती थीं, क्योंकि यह उनके अपने धर्म के साथ धोखा होता।
हिमांशी ने यह भी साझा किया कि एक समय ऐसा आया था जब वह सोच रही थीं कि अगर उन्होंने कोई अन्य धर्म अपनाया तो क्या उन्हें दफनाया जाएगा या फिर जलाया जाएगा।