क्या साई पल्लवी माता सीता के किरदार के लिए सही हैं? दीपिका चिखलिया ने दी अपनी राय
दीपिका चिखलिया की प्रतिक्रिया
मुंबई, 3 अगस्त। निर्देशक नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण' इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इस फिल्म में अभिनेत्री साई पल्लवी को माता सीता के रूप में कास्ट किए जाने पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इस विवाद पर 1987 में प्रसारित 'रामायण' में माता सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया ने अपनी राय साझा की।
एक विशेष बातचीत में जब दीपिका से पूछा गया कि साई पल्लवी की तुलना उनसे की जा रही है और क्या वह इस किरदार के लिए उपयुक्त नहीं हैं, तो उन्होंने इसे विवाद के बजाय दर्शकों के प्यार के रूप में लिया।
दीपिका ने कहा, ''यह दर्शकों का प्यार है। अरुण गोविल, सुनील लहरी और मैंने मिलकर दर्शकों के दिलों में एक गहरी छाप छोड़ी है, जिससे हमें उन किरदारों से अलग करके देखना मुश्किल है। यदि कोई नया कलाकार वही भूमिका निभाता है, तो तुलना होना स्वाभाविक है। शुरुआत में थोड़ी उलझन हो सकती है, लेकिन मुझे विश्वास है कि जब फिल्म रिलीज होगी, तो दर्शक कलाकारों को स्वीकार कर लेंगे।''
उन्होंने आगे कहा, ''तुलसीदास की रामायण में माता सीता का वर्णन जिस प्रकार किया गया है, साई पल्लवी उससे पूरी तरह मेल नहीं खातीं। ग्रंथों में माता सीता का वर्णन विशेष रूप से किया गया है, जिसमें उनकी आंखें, कद-काठी और रंग-रूप का उल्लेख है।''
हालांकि, दीपिका ने एक पॉडकास्ट में कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने साई पल्लवी की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा, ''मैंने उनकी कई फिल्में देखी हैं और वह एक मेहनती अभिनेत्री हैं।''
फिल्म 'रामायण: पार्ट वन' में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि यश रावण के किरदार में होंगे। साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। इस बड़े बजट की फिल्म का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार है।