क्या संचिता उगले की मौत का सुशांत सिंह राजपूत से है कोई कनेक्शन? भाई ने उठाए गंभीर सवाल
संचिता उगले की आत्महत्या पर भाई का बयान
मुंबई, 15 जून। टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की आत्महत्या की घटना ने मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस मामले में उनके भाई आकाश सतीश उगले ने एक बयान जारी किया है, जिसमें उन्होंने अपनी बहन की मौत को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की 2020 में हुई आत्महत्या से जोड़ा है।
आकाश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इंडस्ट्री के दबाव के कारण उनकी बहन और सुशांत दोनों ने आत्महत्या का कदम उठाया।
उन्होंने कहा, "मेरी बहन ने 14 जून को आत्महत्या की। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर में उनकी फोटो है और बायो में 'श्री कृष्णा लवर' लिखा है।"
आकाश ने आगे बताया, "उनका आखिरी पोस्ट सुशांत सिंह राजपूत से संबंधित था, जो 14 जून 2020 को आत्महत्या कर चुके हैं। मुझे लगता है कि इंडस्ट्री के दबाव के कारण मेरी बहन ने भी ऐसा कदम उठाया।"
उन्होंने कहा, "एक दिन पहले, उन्होंने एक इंस्टाग्राम रील पोस्ट की थी, जिसमें लिखा था- 'इट्स अगेन 14 जून'। मेरी बहन ने भी इसी दिन आत्महत्या की।"
आकाश ने मीडिया और सरकार से अपील की कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य से इस घटना का संज्ञान लेने की विनती की।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, संचिता उगले की मौत नालासोपारा के आचोले गांव में रविवार शाम 7 बजे से 7:30 बजे के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला बताया गया है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।