क्या संगीत और ऑटिज्म के बीच है कोई गहरा संबंध? अमिताभ बच्चन ने साझा किया दिलचस्प किस्सा
अमिताभ बच्चन का अनोखा अनुभव
मुंबई, 14 अक्टूबर (वेब वार्ता)। मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने अपने प्रसिद्ध क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में एक प्रतियोगी के साथ बातचीत के दौरान संगीत और ऑटिज्म के बीच संभावित संबंध पर अपने विचार साझा किए। शो में प्रतियोगी ऋषभ से चर्चा करते हुए, अमिताभ ने एक दिलचस्प किस्सा सुनाया, जिसमें एक ऑटिज्म से प्रभावित छोटे बच्चे ने पियानो पर प्रसिद्ध संगीतकारों की धुनें बजाकर सभी को चौंका दिया था।
बातचीत के दौरान, अमिताभ ने कहा, ”मुझे ऐसा लगता है कि ऑटिज्म से प्रभावित व्यक्तियों को संगीत के प्रति एक विशेष आकर्षण होता है। जब उनकी स्थिति में सुधार होता है या वे अपनी भावनाओं को व्यक्त कर पाते हैं, तो संगीत के प्रति उनका जुड़ाव स्पष्ट होता है।”
अमिताभ ने एक छोटे बच्चे की कहानी साझा की, जिसमें बताया गया कि वह बच्चा न तो ठीक से बोल पाता था और न ही अपनी भावनाओं को व्यक्त कर पाता था। उसके माता-पिता उसकी स्थिति को लेकर चिंतित रहते थे और उसे कहीं ले जाना भी उनके लिए कठिन था।
उन्होंने कहा, ”उस परिवार का घर दो मंजिला था। परिवार के सदस्य ऊपर रहते थे और नीचे एक पियानो रखा हुआ था। एक रात, माता-पिता को नीचे से पियानो बजने की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने ध्यान से सुना, तो पता चला कि पियानो पर चोपिन और बीथोवेन की धुनें बज रही थीं। यह सुनकर परिवार के लोग हैरान रह गए कि इतनी रात को पियानो कौन बजा रहा है।”
जब परिवार के सभी सदस्य नीचे पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनका चार-पांच साल का बच्चा पियानो बजा रहा था। बच्चा पियानो पर मशहूर संगीतकारों की धुनें बिल्कुल सही तरीके से बजा रहा था, जिसे देखकर उसके माता-पिता भी चकित रह गए।
इस किस्से का जिक्र करते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा, ”मुझे लगता है कि कहीं न कहीं ऑटिज्म और संगीत के बीच एक गहरा संबंध है। मैं आशा करता हूं कि आप अपने काम से देश और समाज को प्रभावित करेंगे। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।”