☰
×

क्या शरद कपूर की मदद के लिए आगे आएंगे बॉलीवुड सितारे? जानें उनकी दर्दभरी कहानी

अभिनेता शरद कपूर, जो फिल्म 'जोश' में अपनी अदाकारी के लिए जाने जाते हैं, इस समय गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में एक वीडियो में बताया कि वह डिप्रेशन से जूझ रहे हैं और पिछले दो वर्षों से बिस्तर पर हैं। शरद ने फिल्म इंडस्ट्री से मदद की गुहार लगाई है, जिसमें उन्होंने आर्थिक और भावनात्मक समर्थन की आवश्यकता जताई है। क्या बॉलीवुड के सितारे उनकी मदद के लिए आगे आएंगे? जानें पूरी कहानी।
 

शरद कपूर की मुश्किलें और मदद की अपील

मुंबई, 15 नवंबर। अभिनेता शरद कपूर, जो फिल्म 'जोश' में अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए जाने जाते हैं, इस समय कठिन दौर से गुजर रहे हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह अपनी तबीयत खराब होने के कारण अपने पालतू कुत्तों को एक एनजीओ के पास भेजते हुए दिखाई दिए।


अब एनजीओ के प्रतिनिधि ने एक नया वीडियो साझा किया है, जिसमें शरद ने खुलासा किया है कि वह डिप्रेशन से जूझ रहे हैं और पिछले दो वर्षों से बिस्तर पर हैं।


उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से भावुक अपील की है कि उन्हें काम और आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, ताकि वह फिर से अपने पैरों पर खड़े हो सकें।


एनजीओ की प्रतिनिधि ने बताया कि शरद लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्हें मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं हुई थीं और उनका पैर भी टूट गया था। उनकी स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि वह ठीक से खाना भी नहीं खा पा रहे थे और दवाइयां लेने में भी कठिनाई महसूस कर रहे थे। यहां तक कि उन्हें बोलने में भी परेशानी हो रही थी।


वीडियो में शरद ने अपनी मानसिक स्थिति के बारे में बताया कि कुछ परिस्थितियों और लोगों के आरोपों ने उन्हें बहुत दुखी किया। उन्होंने कहा, ''जब कोई बिना वजह के आप पर आरोप लगाता है, तो यह दुखदायी होता है। मैं डिप्रेशन में चला गया था और किसी से मिलने या काम करने का मन नहीं करता था। लेकिन अब मैंने ठान लिया है कि मुझे आगे बढ़ना है। मैं फिल्म इंडस्ट्री से मदद की गुहार लगा रहा हूं।''


शरद ने कहा कि उन्हें केवल आर्थिक सहायता की ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक समर्थन की भी आवश्यकता है। उन्होंने सीनियर कलाकारों से मदद की अपील करते हुए कहा, ''मुझे सच में आर्थिक और नैतिक दोनों तरह की मदद चाहिए। आप सभी मेरे लिए प्रेरणा हैं। कृपया मेरी सहायता करें।''


वीडियो में एनजीओ की प्रतिनिधि ने बताया कि वह शरद के परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन अब तक बात नहीं हो पाई है। शरद ने बताया कि कभी-कभी परिवार के लोग उन्हें फोन करते हैं।


शरद की स्थिति और उनकी मदद की अपील के बाद फिल्म इंडस्ट्री से भी समर्थन की आवाजें उठने लगी हैं। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) के अध्यक्ष ने शरद को काम देने और उनकी मदद करने की भावुक अपील की है। एसोसिएशन ने कहा कि शरद को वह काम मिलना चाहिए, जिसके वह हकदार हैं।