क्या लिसा रे फिर से जीना चाहती हैं 80 के दशक की बेफिक्र जिंदगी?
लिसा रे की 80 के दशक की यादें
मुंबई, 8 सितंबर। अभिनेत्री लिसा रे ने 1980 के दशक की अपनी यादों को ताजा करते हुए उस समय के संगीत, फैशन और बेफिक्र जिंदगी से जुड़े कई किस्से साझा किए हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए बताया कि 80 का दशक उनके लिए केवल फैशन और संगीत का समय नहीं था, बल्कि यह उनकी जिंदगी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था, जिसमें गर्मियों की छुट्टियां, दोस्तों के साथ साइकिल चलाना, तेज आवाज में रेडियो पर गाने सुनना और थोड़ी-सी बगावत शामिल थी।
लिसा ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर साझा की है, जिसमें वह काले रंग की आउटफिट में नजर आ रही हैं। तस्वीर में उनके घुंघराले बाल खुले हुए हैं, जो 80 के दशक की याद दिलाते हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'मैं सच में 80 के दशक के उस दौर से गुजरी हूं। उस समय के फैशन के अनुसार, मैंने कैंडी कलर के लेग वॉर्मर्स, अजीबोगरीब हेयरस्टाइल और फिल्म 'फ्लैशडांस' से प्रेरित स्वेटशर्ट पहनी थी।'
लिसा ने उस समय के संगीत को भी अपनी यादों का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा, 'मैडोना, माइकल जैक्सन और माइकल हचेंस... ये कलाकार मेरी जवानी की यादों से जुड़े हुए हैं। मैं ड्यूरन का इतना बड़ा फैन थी कि मैंने अपने पालतू जानवरों के नाम भी इस म्यूजिकल ग्रुप से प्रेरित होकर रखे थे।'
लिसा ने अपने बचपन और जवानी के दिनों से जुड़ी जगहों को भी याद किया। उन्होंने लिखा, 'कलकत्ता की गर्मियों और टोरंटो में लंबे वीकेंड के दौरान मैं अपने आसपास के इलाकों में साइकिल चलाया करती थी। मुझे लॉन्ग ड्राइव और रेडियो पर तेज आवाज में संगीत सुनना पसंद था। उस समय की जिंदगी में एक अलग तरह की मिठास थी। मैं बेफिक्र थी, लेकिन मेरे अंदर कुछ नया करने और अपनी सीमाओं को तोड़ने की बेचैनी भी थी।'
अपने पुराने रूप को याद करते हुए लिसा ने खुद से सवाल किया, 'क्या मैं सच में 80 के दशक की बच्ची थी? मजबूत, अपने फैसले खुद लेने वाली और मुश्किलों का सामना करने वाली... समय के साथ जिंदगी ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। जिंदगी में आए अचानक बदलावों और ऐसे मोड़ों, जिन्हें मैंने खुद नहीं चुना, ने मेरे व्यक्तित्व को और गहरा किया है।'
लिसा ने अंत में लिखा, 'मेरे आज के वर्जन को अपने पुराने 80 के दशक वाले दौर की एक बार फिर जरूरत महसूस होती है। शायद मुझे फिर से उस दौर को जीने की जरूरत है।'