क्या योग और संगीत से बदल सकती है जिंदगी? एलनाज नौरोजी का खास संदेश
योग दिवस और म्यूजिक डे पर एलनाज नौरोजी की प्रतिक्रिया
मुंबई, 20 जून। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और वर्ल्ड म्यूजिक डे का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इस अवसर पर अभिनेत्री एलनाज नौरोजी ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि योग और संगीत ने उनकी व्यक्तिगत और पेशेवर जिंदगी में महत्वपूर्ण बदलाव लाए हैं।
जुबिन नौटियाल के साथ अपने हिंदी गाने 'हुआ' के जरिए म्यूजिक की दुनिया में कदम रखने जा रही एलनाज ने कहा कि योग और संगीत दोनों से उन्हें हमेशा सुकून मिला है। उन्होंने कहा, "इन दोनों के लिए जरूरी है कि आप थोड़ी देर रुकें, वर्तमान में रहें और अपने अंदर की गहराई से जुड़ें।"
एलनाज ने आगे कहा, "एक कलाकार के रूप में, मेरी जिंदगी अक्सर यात्रा, परफॉर्मेंस और भागदौड़ से भरी रहती है। योग मुझे संतुलन बनाने में मदद करता है, जबकि संगीत उन भावनाओं को व्यक्त करने में सहायक होता है, जिन्हें शब्दों में नहीं कह पाती।"
उन्होंने कहा, "यह साल मेरे लिए खास है क्योंकि मैं इंटरनेशनल योग डे मना रही हूं और जुबिन नौटियाल के साथ अपने हिंदी गाने 'हुआ' के जरिए म्यूजिक की नई यात्रा शुरू कर रही हूं।"
एलनाज ने कहा, "योग की तरह, संगीत में भी लोगों को ठीक करने, उनका हौसला बढ़ाने और एकजुट करने की शक्ति है। मुझे गर्व है कि मैं इस साल दिल्ली में योग डे के विशेष समारोह का हिस्सा बन रही हूं, और मुझे उम्मीद है कि हर कोई कुछ ऐसा पाएगा, चाहे वह योग हो, संगीत हो या कुछ और, जो उन्हें खुशी और आंतरिक शांति दे।"
एलनाज नौरोजी के करियर की बात करें तो उन्हें नेटफ्लिक्स की प्रसिद्ध सीरीज 'सेक्रेड गेम्स' में जोया मिर्जा के किरदार से पहचान मिली। इसके बाद से वह कई फिल्मों और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं।