क्या बिहार दिवस पर खेसारी लाल यादव ने उठाई बिहारी भाषा की आवाज़?
बिहार का 114वां स्थापना दिवस
पटना, 22 मार्च। बिहार आज अपने 114वें स्थापना दिवस का जश्न मना रहा है। इस खास अवसर पर भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने बिहार दिवस की बधाई देते हुए बिहारी भाषा को संवैधानिक दर्जा दिलाने की बात उठाई है। उनके इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर यूजर्स द्वारा काफी सराहा जा रहा है, और वे बिहार के विकास के लिए एकजुटता की अपील कर रहे हैं।
खेसारी लाल यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बिहारियों को भारत की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि पहले बिहारियों का विदेश में होना एक मजबूरी थी, लेकिन अब वे धीरे-धीरे एक ताकत बन चुके हैं और हर बिहारी को अपने पर गर्व होना चाहिए।
उन्होंने लिखा, "दुनिया के हर कोने में बिहारी फैले हुए हैं, जो पहले मजबूरी थी, अब वह ताकत बन गई है। बिहारी और बिहार को अब बेहतर ब्रांडिंग की आवश्यकता है। आज की दुनिया कॉस्मेटिक हो चुकी है, जबकि हम बिहारी इसे ढोंग मानते हैं।"
अभिनेता ने बिहार की राजनीति पर भी टिप्पणी की और कहा कि राजनेता बिहारी लोगों की भावनाओं के साथ खेलते हैं। उन्होंने आगे कहा, "मीडिया अब बिहार को मज़ाक और प्रयोग का केंद्र बना चुका है। राजनेताओं को बिहारी का गर्व जगाकर संसद और विधानसभा तक पहुंचना है, लेकिन जब बात बिहारी भाषा को संवैधानिक दर्जा दिलाने की आती है, तो सब बहाने बनाते हैं।"
उन्होंने यह भी कहा, "बिहारी होने पर गर्व करें, अंदर और बाहर दोनों से। अगर हम एकजुट रहेंगे, तो वह दिन दूर नहीं जब हर नॉन-बिहारी भी बिहार दिवस की शुभकामनाएं गर्व से देगा और बिहारी का योगदान दुनिया को बताएगा।" खेसारी के इस पोस्ट को यूजर्स का पूरा समर्थन मिल रहा है।